एक महिला, 4 पति, 9 बच्चे...
UP News: उत्तर प्रदेश के हरदोई जिले से एक ऐसी घटना सामने आई है जिसने रिश्तों को शर्मसार कर दिया है. यहां एक महिला ने अपने दूसरे पति के साथ मिलकर तीसरे पति को ऐसी यातना दी कि देखकर रूह कांप जाए. पीड़ित पति को बंधक बनाकर उसका आधा सिर मूंड दिया गया, उसकी आधी मूंछें काट दी गईं और गले में जूतों की माला पहना दी गई. इस दौरान वह हाथ जोड़कर लगातार रहम की भीख मांगता रहा लेकिन महिला को जरा भी तरस नहीं आया. इतना ही नहीं, इस पूरी वारदात का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर डाल दिया गया.
इंस्टाग्राम की कॉल से शुरू हुई थी लव स्टोरी
मामला हरदोई के हरपालपुर थाना क्षेत्र के खुर्रमपुरवा गांव का है. पीड़ित की पहचान मैनपुरी के किशनी थाना क्षेत्र के डडोस कुसमरा गांव निवासी नरेंद्र उम्र 37 साल के रूप में हुई है. नरेंद्र ने बताया कि उसकी जान-पहचान सोनिया यादव नाम की महिला से इंस्टाग्राम पर हुई थी. सोनिया ने पहले उसे कॉल किया. फिर दोनों के बीच रोज रात करीब 9 बजे बात होने लगी. नरेंद्र का कहना है कि सोनिया उससे मीठी-मीठी बातें करती थी और सीधे प्यार-मोहब्बत की बातें करने लगी. आठ दिन की बातचीत में ही दोनों में इतना भरोसा बन गया कि सोनिया मिलने के लिए कन्नौज के गौरीघाट आ गई.
मंदिर में की शादी, फिर ढाई साल तक रहे साथ
गौरीघाट में मिलने के बाद नरेंद्र सोनिया को अपने साथ गुरुग्राम ले गया. वहां दो दिन साथ रहने के बाद दोनों ने एक मंदिर में जाकर शादी कर ली. घर वालों के नाराज होने के बावजूद नरेंद्र सोनिया के साथ रहने लगा. उसका दावा है कि वह करीब ढाई साल तक सोनिया के साथ पति-पत्नी की तरह रहा. इस दौरान उसे पता चला कि सोनिया पहले से ही दो शादियां कर चुकी है. पहली शादी से उसके तीन बच्चे हैं और दूसरी शादी उसने खुर्रमपुरवा के रहने वाले मुन्ना यादव से की थी, जिससे उसके छह बच्चे हैं. इस तरह सोनिया कुल नौ बच्चों की मां है.
चौथे शख्स से बात पर हुआ विवाद
नरेंद्र ने बताया कि जुलाई 2026 में सोनिया की तबीयत खराब हुई तो वह उसे उसके कहने पर गौरीघाट छोड़ आया. इसके बाद भी दोनों का मिलना-जुलना लगा रहा. गुरसहायगंज के एक होटल में तीन से चार बार दोनों मिले भी. नरेंद्र का आरोप है कि इस दौरान सोनिया ने अलग-अलग बहानों से उससे करीब 40 हजार रुपये भी ले लिए. 25 सितंबर को नरेंद्र बहादुरगढ़ से गुरसहायगंज आया और सोनिया से मिला. यहीं पर उसने सोनिया का मोबाइल फोन चेक किया तो उसमें किसी चौथे व्यक्ति से उसकी बातचीत निकली. इसी बात को लेकर दोनों में झगड़ा हो गया. बातचीत में करीब पांच महीने की प्रेग्नेंसी खत्म कराने की बात भी सामने आई. गुस्से में आकर नरेंद्र ने सोनिया को एक थप्पड़ मार दिया.
धोखे से गांव बुलाकर दिया यातना
थप्पड़ मारने के बाद विवाद और बढ़ गया. आरोप है कि सोनिया बहाने से नरेंद्र को अपने गांव खुर्रमपुरवा ले गई. वहां उसने उसे अपना रिश्तेदार बताकर अपने दूसरे पति मुन्ना यादव के घर में ठहरा दिया. बाद में जब मुन्ना को पता चला कि यह सोनिया का तीसरा पति है तो दोनों ने मिलकर नरेंद्र को पकड़ लिया. आरोप है कि उसे एक कमरे में बंधक बना लिया गया. कैंची और उस्तरे से उसका आधा सिर मुंडवा दिया गया. उसकी आधी मूंछ काट दी गई और गले में जूतों की माला डाल दी गई. घंटों तक उसे बंधक बनाकर रखा गया और प्रताड़ित किया गया.
हाथ जोड़कर रोता रहा पति, पत्नी बनाती रही वीडियो
इस दौरान का एक वीडियो भी सामने आया है जो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. वीडियो में नरेंद्र हाथ जोड़कर रोते हुए रहम की गुहार लगा रहा है, लेकिन सोनिया और मुन्ना उस पर हंस रहे हैं और उसका वीडियो बना रहे हैं. इस वीडियो के वायरल होने के बाद यह मामला पूरे जिले में चर्चा का विषय बन गया.
ये भी पढ़ें-P से ‘परिवार’ D और A से कौन? ओपी राजभर ने अखिलेश के गजब मजे लिए; बताया PDA का नया फुलफॉर्म
पुलिस ने लिया संज्ञान, केस दर्ज करने की तैयारी
वीडियो वायरल होने के बाद हरदोई पुलिस हरकत में आई है. हरपालपुर के क्षेत्राधिकारी प्रवीण कुमार ने बताया कि पुलिस ने वीडियो का संज्ञान ले लिया है. पीड़ित नरेंद्र की तरफ से मिली तहरीर के आधार पर नामजद आरोपियों सोनिया यादव और मुन्ना यादव के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया जा रहा है. आरोपियों को पकड़ने के लिए पुलिस की कई टीमें लगातार दबिश दे रही हैं. सीओ ने कहा है कि किसी को भी कानून अपने हाथ में लेने का हक नहीं है. इस तरह की हैवानियत बर्दाश्त नहीं की जाएगी और आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
Also Follow Bharat Express on Youtube
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.


