Uttarakhand Weather: उत्तराखंड में मौसम ने अचानक ऐसा खूंखार और विकराल रूप धारण किया है कि पहाड़ से लेकर मैदान तक हाहाकार मच गया है. ऊंचे पहाड़ी इलाकों में बर्फबारी और कंपकंपी छुड़ाने वाली ठंड के बीच मैदानी जिलों में मौसम का भयंकर तांडव देखने को मिला है.
शुक्रवार को हरिद्वार में अचानक आसमान से मौत बनकर बरसे ओलों ने ऐसा गदर मचाया कि लोगों की रूह कांप गई. देखते ही देखते गाड़ियों के शीशे टूट गए, घरों की खिड़कियां चटक गईं और कई जगहों पर तो टीनशेड और सोलर पैनल छलनी हो गए.
हरिद्वार में ओलावृष्टि का तांडव(Haridwar Hailstorm)
शुक्रवार दोपहर अचानक मौसम ने पलटी मारी और हरिद्वार के कई इलाकों में बड़े-बड़े ओलों की ऐसी झमाझम बरसात हुई कि लोग अपनी जान बचाने के लिए सुरक्षित ठिकानों की तरफ भागते नजर आए. आसमान से गिरे पत्थरों जैसे ओलों ने तबाही मचाते हुए खड़े वाहनों के शीशे फोड़ दिए, एस्बेस्टस और प्लास्टिक की छतों में छेद कर डाले तथा घरों के सोलर पैनलों को चकनाचूर कर दिया. इस अचानक आए आफत के मौसम से पूरे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया.
पहाड़ से मैदान तक गिरा पारा
मौसम के इस यू-टर्न से पूरे प्रदेश में गलन और ठिठुरन बेहिसाब बढ़ गई है. पिछले 5 दिनों के भीतर ही मैदानी और पहाड़ी इलाकों में अधिकतम तापमान में 5 डिग्री सेल्सियस तक की भारी गिरावट दर्ज की गई है. बदरीनाथ, केदारनाथ, हेमकुंड साहिब और औली जैसी ऊंची चोटियों पर बर्फबारी का दौर लगातार जारी है, जिससे पहाड़ों पर अभी से दिसंबर महीने जैसी कड़ाके की ठंड महसूस होने लगी है.
वहीं मैदानी इलाकों में भी सुबह और रात के समय लोगों ने मजबूरन अपने गर्म स्वेटर और रजाईयां बाहर निकाल ली हैं.
मौसम विभाग का रेड/येलो अलर्ट
प्रकृति के इस विकराल रूप(Haridwar Hailstorm) को देखते हुए भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने शनिवार के लिए उत्तराखंड के 9 बड़े जिलों में येलो अलर्ट जारी कर दिया है. मौसम विभाग के मुताबिक, देहरादून, टिहरी, चमोली, रुद्रप्रयाग, उत्तरकाशी, नैनीताल, चंपावत, बागेश्वर और पिथौरागढ़ में झमाझम बारिश के साथ-साथ भयंकर आकाशीय बिजली (वज्रपात) चमकने और 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तूफानी हवाएं चलने की आशंका है.
बता दें मौसम वैज्ञानिकों ने चेतावनी दी है कि अगले कुछ दिनों तक बादलों का डेरा रहेगा और लोगों को सफर के दौरान विशेष सतर्कता बरतनी होगी.
Also Follow Bharat Express on Youtube
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

