Bharat Express DD Free Dish
Chhath Puja 2026
Chhath Puja 2026

नहटौर सीट पर बीजेपी को झटका, इलाहाबाद हाईकोर्ट ने विधायक ओम कुमार का चुनाव किया रद्द

UP News: इलाहाबाद हाईकोर्ट ने नहटौर सीट से बीजेपी विधायक ओम कुमार का चुनाव निरस्त कर दिया है. 2022 विधानसभा चुनाव में 258 वोटों से जीते ओम कुमार पर करप्ट प्रैक्टिस और आय छिपाने के आरोप लगे थे.

Om Kumar Election Cancelled by Allahabad High Court

विधायक ओम कुमार की विधायकी रद्द

UP News: उत्तर प्रदेश की राजनीति में एक अहम घटनाक्रम सामने आया है. इलाहाबाद हाईकोर्ट ने बिजनौर जिले की नहटौर विधानसभा सीट से भारतीय जनता पार्टी के विधायक ओम कुमार के निर्वाचन को निरस्त कर दिया है. अदालत के इस फैसले के बाद उनकी विधानसभा सदस्यता समाप्त हो गई है. हालांकि उनके पास अभी कानूनी विकल्प खुले हैं और वे इस आदेश को सुप्रीम कोर्ट में चुनौती दे सकते हैं.

2022 में बेहद करीबी मुकाबले में मिली थी जीत

नहटौर सीट पर वर्ष 2022 के विधानसभा चुनाव में ओम कुमार ने भाजपा उम्मीदवार के रूप में जीत दर्ज की थी. उनका मुकाबला राष्ट्रीय लोक दल के प्रत्याशी मुंशी राम से था. यह चुनाव बेहद रोमांचक रहा था और हार-जीत का अंतर सिर्फ 258 वोटों का था. चुनाव परिणाम के अनुसार ओम कुमार को कुल 77,935 वोट मिले थे, जबकि उनके प्रतिद्वंद्वी मुंशी राम को 77,677 वोट हासिल हुए थे. इस तरह भाजपा उम्मीदवार बहुत कम अंतर से विधानसभा पहुंचने में सफल रहे थे.

चुनाव परिणाम को कोर्ट में दी गई चुनौती

चुनाव नतीजे घोषित होने के कुछ समय बाद ही राष्ट्रीय लोक दल के उम्मीदवार मुंशी राम ने इलाहाबाद हाईकोर्ट का दरवाजा खटखटाया. उन्होंने याचिका दाखिल कर चुनाव परिणाम को चुनौती दी. याचिका में आरोप लगाया गया कि चुनाव के दौरान ओम कुमार ने कथित तौर पर भ्रष्ट आचरण (करप्ट प्रैक्टिस) अपनाई. इसके अलावा यह भी दावा किया गया कि उन्होंने चुनाव आयोग के समक्ष दाखिल किए गए अपने शपथ पत्र में वास्तविक आय की पूरी जानकारी नहीं दी और कुछ तथ्यों को छिपाया.

जस्टिस सलिल कुमार राय की बेंच ने सुनाया फैसला

इस मामले की सुनवाई जस्टिस सलिल कुमार राय की एकल पीठ ने की. सभी पक्षों की दलीलें सुनने के बाद अदालत ने ओम कुमार के चुनाव को अमान्य घोषित कर दिया. फैसले के साथ ही अदालत ने उन्हें राहत के लिए उच्चतम न्यायालय जाने का अवसर भी दिया है. आदेश के मुताबिक उनके पास सुप्रीम कोर्ट में अपील दाखिल करने के लिए 15 दिन का समय रहेगा.

ये भी पढ़ें-पीडीए प्रणपत्र में महिलाओं, किसानों और छात्रों को बड़ी सौगात का वादा, बेटी के जन्म पर सोना देने का ऐलान

आगे क्या होगा?

यदि ओम कुमार को सुप्रीम कोर्ट से राहत नहीं मिलती है, तो बिजनौर की नहटौर विधानसभा सीट पर दोबारा चुनाव कराने की स्थिति बन सकती है. हालांकि प्रदेश में अगले विधानसभा चुनाव में अब छह महीने से भी कम समय बचा है. ऐसे में राजनीतिक जानकारों की नजर इस बात पर है कि क्या यहां उपचुनाव होगा या सीट सीधे अगले आम चुनाव तक खाली रहेगी. इस मामले में दायर चुनाव याचिका में भाजपा विधायक ओम कुमार के अलावा 9 अन्य लोगों को भी पक्षकार बनाया गया था.

Also Follow Bharat Express on Youtube

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read

UP Tourism