Bharat Express DD Free Dish

हजारीबाग में शिवरात्रि के झंडे और लाउडस्पीकर को लेकर बवाल… पथराव, आगजनी और तनाव के बाद इलाके में भारी पुलिस बल तैनात

झारखंड के हजारीबाग जिले में महाशिवरात्रि के अवसर पर झंडा और लाउडस्पीकर लगाने को लेकर दो समुदायों के बीच तनाव बढ़ गया.

Jharkhand Riots

झारखंड में झड़प के दौरान की तस्वीर (ANI)

Jharkhand Communal Clash: झारखंड के हजारीबाग जिले में महाशिवरात्रि के अवसर पर झंडा और लाउडस्पीकर लगाने को लेकर दो समुदायों के बीच तनाव बढ़ गया, जिसके चलते झड़प हो गई. यह घटना इचाक थाना क्षेत्र के डुमरौन स्थित हिंदुस्तान चौक पर हुई.

स्थानीय सूत्रों के अनुसार, एक समुदाय के लोग शिवरात्रि के उपलक्ष्य में झंडा और लाउडस्पीकर (चोंगा) लगाने की तैयारी कर रहे थे, तभी दूसरे समुदाय के लोगों के साथ विवाद हो गया. देखते ही देखते यह विवाद उग्र हो गया और दोनों पक्षों के बीच भारी पथराव शुरू हो गया. इस झड़प के दौरान उपद्रवियों ने कई वाहनों को आग के हवाले कर दिया.

प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि हिंसा के दौरान दो मोटरसाइकिल, एक कार, एक टेंपो समेत कई अन्य गाड़ियों में आग लगा दी गई. साथ ही, एक दुकान को भी उपद्रवियों ने जला दिया. इस झड़प में कुछ लोग घायल हो गए, जिन्हें उपचार के लिए हजारीबाग सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है.

पुलिस ने स्थिति को नियंत्रण में लिया

घटना की सूचना मिलते ही हजारीबाग पुलिस-प्रशासन की टीम तुरंत मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रण में लिया. इलाके में शांति बनाए रखने के लिए बड़ी संख्या में पुलिस बल को तैनात कर दिया गया है. हजारीबाग के पुलिस अधीक्षक ने स्वयं स्थिति का जायजा लिया और उपद्रवियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की बात कही.

पुलिस की शांति बनाए रखने की अपील

इस घटना के बाद हजारीबाग की IPS अधिकारी श्रुति अग्रवाल ने लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की है. उन्होंने कहा, “फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है, और सभी को मिलकर त्योहार को शांतिपूर्ण तरीके से मनाना चाहिए. किसी भी तरह की अफवाहों पर ध्यान न दें और आपसी सौहार्द बनाए रखें.”

पुलिस प्रशासन की ओर से लगातार क्षेत्र में गश्त की जा रही है ताकि किसी भी तरह की अप्रिय घटना को रोका जा सके.


इसे भी पढ़ें- Balakot Air Strike के 6 साल बाद भी अपने झूठ पर टिका ‘कायर’ पाकिस्तान- आखिर क्यों छिपा रहा है हताहतों की सच्चाई?


-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read