भारत का डिजिटल बाजार, स्मार्टफोन पर हिंदी कंटेंट इस्तेमाल करता युवा, PC-@Chatgpt
Hindi Economic Power: आज देश भर में 74वां राष्ट्रीय हिंदी दिवस पूरे उत्साह और गर्व के साथ मनाया जा रहा है. 14 सितंबर के इस ऐतिहासिक अवसर (Hindi Diwas 2026) पर हिंदी केवल अपनी साहित्यिक समृद्धता का जश्न नहीं मना रही बल्कि वैश्विक व्यापार और कूटनीति के पटल पर अपनी नई आर्थिक ताकत का परचम भी लहरा रही है. यह वह दौर है जब भाषा सिर्फ दिल से नहीं, बल्कि जेब और अर्थव्यवस्था की ताकत से तय हो रही है.
ज्ञात हो जिस हिंदी को सालों तक ‘अभिजात्य’ गलियारों में पिछड़ेपन या सिर्फ भावनाओं की भाषा कहकर हाशिए पर धकेला गया, आज उसी हिंदी के सामने 74वें हिंदी दिवस पर दुनिया के सबसे बड़े टेक और कॉर्पोरेट घराने नतमस्तक हैं. यह कहानी केवल हिंदी के अस्तित्व की नहीं है, बल्कि उस ऐतिहासिक बदलाव की है जिसने 70 के दशक की उर्दू की रूमानियत और 2000 के दशक की अंग्रेजी की मोनोपॉली (एकाधिकार) को जड़ से उखाड़ फेंका है.
उर्दू के बोलबाले की निकली हवा
यदि हम पांच दशक पीछे मुड़कर देखें, तो भारत के मुख्यधारा के विमर्श और बॉलीवुड सिनेमा पर उर्दू की बोलबाली थी. फिल्मों की स्क्रिप्ट से लेकर गानों और आम बोलचाल तक में उर्दू के भारी-भरकम लफ़्ज़ों को ही ‘सभ्य और एलीट’ माना जाता था, जबकि ठेठ हिंदी को थोड़ा देहाती समझा जाता था. लेकिन बाजार का नियम है कि वह जटिलता को ज्यादा दिन बर्दाश्त नहीं करता. समय के साथ वह जटिल उर्दू सिमटती गई और उसकी जगह एक ऐसी सहज, व्यावहारिक ‘खड़ी बोली’ ने ले ली, जिसे कश्मीर से कन्याकुमारी तक पूरा देश बिना किसी डिक्शनरी के समझ सकता है.
‘अनिवार्य’ अंग्रेजी का टूटा भ्रम
90 के दशक में वैश्वीकरण (Globalization) की शुरुआत के साथ ही बुद्धिजीवियों ने दावा किया था कि अंग्रेजी भारत की क्षेत्रीय भाषाओं को निगल जाएगी. लेकिन 2020 के दशक तक आते-आते यह मिथक पूरी तरह टूट गया. भारत में अंग्रेजी आज भी केवल 10 से 12 प्रतिशत आबादी तक ही सीमित है.
जब बहुराष्ट्रीय कंपनियों (MNCs) को भारत के टियर-2, टियर-3 शहरों और ग्रामीण इलाकों के ‘मास मार्केट’ से कमाई करनी पड़ी, तो उन्हें समझ आया कि वे 85% उपभोक्ताओं को अंग्रेजी के भरोसे नहीं छोड़ सकते. अंग्रेजी दफ्तरों की मजबूरी तो रही, लेकिन भारत के आम नागरिक की जेब तक पहुँचने का जरिया नहीं बन सकी.
विवाद नहीं, ‘वॉल्यूम’ से जीती बाजी(Hindi Economic Power)
हिंदी को लंबे समय तक राजनीतिक विवादों और “तकनीक-विरोधी” होने के तानों का सामना करना पड़ा. आलोचकों का मानना था कि हिंदी में न कोडिंग है, न विज्ञान. लेकिन हिंदी ने इन तानों का जवाब बहस से नहीं बल्कि ‘संख्याबल’ (Volume) और डिजिटल क्रांति से दिया.
सस्ते स्मार्टफोन और इंटरनेट डेटा के आने के बाद इंटरनेट से जुड़ने वाला हर 10 में से 8वां नया यूजर हिंदी या क्षेत्रीय भाषा का था. जो ग्लोबल ब्रांड्स कभी हिंदी को छूना भी नहीं चाहते थे, आज वे अपनी ऐप्स, इंटरफेस और वेबसाइट्स का हिंदी वर्जन तैयार करने के लिए अरबों रुपए पानी की तरह बहा रहे हैं.
कंज्यूमर’ किंग बना तो हिंदी बनी मजबूरी
आज का कॉर्पोरेट बाजार भावनाओं पर नहीं बल्कि ‘रिटर्न ऑन इन्वेस्टमेंट’ (ROI) पर चलता है. आईए जानते हैं वो फैक्टर जो हिंदी के लिए बने वरदान:
डिजिटल विस्फोट: इंटरनेट पर हिंदी कंटेंट की खपत सालाना लगभग 94% की तूफानी दर से बढ़ रही है, जबकि अंग्रेजी की ग्रोथ 20% के नीचे सिमट गई है.
OTT और ई-कॉमर्स की रीढ़: नेटफ्लिक्स, अमेज़न प्राइम और डिज़नी+ जैसे वैश्विक दिग्गजों की सबसे बड़ी कमाई आज हिंदी डबिंग और ओरिजिनल हिंदी शो से हो रही है. अमेज़न और फ्लिपकार्ट जैसी शॉपिंग ऐप्स अब पूरी तरह हिंदी में काम कर रही हैं, क्योंकि असली खरीदार छोटे शहरों में बैठा है.
विज्ञापनों का गणित: अब बड़े ब्रांड्स शुद्ध अंग्रेजी की जगह शुद्ध हिंदी या ‘हिंग्लिश’ में विज्ञापन बना रहे हैं, क्योंकि उपभोक्ता उसी पर भरोसा करता है जो उसकी अपनी भाषा में बात करे.
Also Follow Bharat Express on Youtube
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.


