Bharat Express DD Free Dish

हुमायूं कबीर की बढ़ी मुसीबत! कांस्टेबल से मारपीट के आरोप में बेटे को घर से उठाकर ले गई पुलिस

Humayun Kabir: टीएमसी से निष्कासित विधायक हुमायूं कबीर की मुश्किलें बढ़ गई हैं. उनके बेटे पर पुलिस कांस्टेबल से मारपीट का आरोप लगा है. जिसके बाद पुलिस ने उनके बेटे को हिरासत में ले लिया है.

Humayun Kabir

Humayun Kabir: पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद में बाबरी मस्जिद का शिलान्यास कर चर्चा में आए टीएमसी से निष्कासित विधायक हुमायूं कबीर की मुश्किलें बढ़ गई हैं. उनके बेटे रॉबिन पर पुलिस कांस्टेबल से मारपीट का आरोप लगा है. जिसके बाद पुलिस ने उनके बेटे को हिरासत में ले लिया है.

रविवार की अल सुबह भरतपुर के विधायक हुमायूं कबीर के घर को शक्तिनगर पुलिस ने घेर लिया. आरोप था कि उनके बेटे गुलाम नबी आजाद उर्फ रॉबिन ने अपनी सुरक्षा में लगे बॉडीगार्ड पुलिस कांस्टेबल से मारपीट की है. जिसके बाद पुलिस विधायक के घर आई और उनके बेटे को हिरासत में लेकर पुलिस स्टेशन ले गई.

सबके सामने की गई कांस्टेबल के साथ मारपीट

इस संबंध में मुर्शिदाबाद पुलिस ने जानकारी दी है कि रविवार सुबह हुमायूं कबीर की सुरक्षा में लगे PSO कांस्टेबल जुम्मा खान ने शिकायत दर्ज कराई कि जब उसने घर जाने के लिए उनसे छुट्टी मांगी तो हुमायूं कबीर के बेटे ने उनके साथ मारपीट की. यह घटना हुमायूं कबीर के घर ग्राउंड फ्लोर पर हुई. शिकायत मिलने के बाद शक्तिनगर पुलिस मामले की जांच करने के लिए रॉबिन के घर पहुंची.

ये भी पढ़ें- दिग्विजय सिंह के समर्थन में उतरे शशि थरूर, RSS की संगठन शक्ति और अनुशासन को सराहा

बहस के बाद हो गई थप्पड़बाजी

सूत्रों के मुताबिक घटना के वक्त हुमायूं कबीर अपने पार्टी वर्कर्स के साथ मीटिंग कर रहे थे, तभी हुमायूं की सिक्योरिटी का इंचार्ज ऑफिस में घुस आया और उनसे छुट्टी की मांग की, लेकिन हुमायूं ने छुट्टी देने से मना कर दिया. जिसपर दोनों के बीच बहस शुरू हो गई. इसी दौरान कांस्टेबल को थप्पड़ मारा गया. कांस्टेबल के पलटवार करने पर वहां मौजूद हुमायूं कबीर का बेटा आ गया और कांस्टेबल की पिटाई कर दी. जिसपर कांस्टेबल ने हुमायूं कबीर के बेटे के खिलाफ पुलिस स्टेशन में लिखित शिकायत दर्ज कराई है.

उधर बेटे को पुलिस हिरासत में लिये जाने पर हुमायूं कबीर ने पुलिस को धमकी दी है. उन्होंने कहा है कि अगर मेरे घर के आसपास कोई गलत हरकत की तो डिस्ट्रिक्ट पुलिस ऑफिस का घेराव करूंगा.

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read