IGKV Paper Leak
IGKV Paper Leak: छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर स्थित इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय (IGKV) में पेपर लीक का एक नया मामला सामने आया है. यहां B.Sc Agriculture सेकंड ईयर के एंटोमोलॉजी विषय की परीक्षा शुरू होने से करीब दो घंटे पहले ही प्रश्नपत्र की तस्वीरें WhatsApp पर वायरल हो गईं. शुरुआती लापरवाही के बाद जब पेपर लीक की आधिकारिक पुष्टि हुई, तो विश्वविद्यालय प्रशासन ने परीक्षा रद्द करने का फैसला लिया.
सुबह 8 बजे मिली थी शिकायत
मामले में सबसे ज्यादा हैरानी की बात यह रही कि विश्वविद्यालय प्रशासन को परीक्षा शुरू होने से काफी पहले ही इसकी जानकारी मिल चुकी थी. सुबह करीब 8 बजे ही प्रशासन को ई-मेल के जरिए पेपर लीक होने की शिकायत भेज दी गई थी. इसके बावजूद प्रशासन ने मामले को गंभीरता से नहीं लिया और सुबह 10 बजे से दोपहर 1 बजे की पाली में परीक्षा आयोजित करा दी.
परीक्षा शुरू होने के करीब आधे घंटे बाद जब प्रश्नपत्र के हूबहू लीक होने की पूरी तरह पुष्टि हो गई, तो विश्वविद्यालय अधिकारियों के हाथ-पांव फूल गए. आनन-फानन में परीक्षा को रद्द घोषित कर दिया गया.
5 सदस्यीय जांच कमेटी गठित
मामले की गंभीरता को देखते हुए IGKV प्रशासन ने 5 सदस्यीय जांच समिति का गठन कर दिया है. यह कमेटी इस बात की पड़ताल करेगी कि प्रश्नपत्र किस सेंटर या स्तर से लीक हुआ, यह WhatsApp पर कैसे फैला और सुबह शिकायत मिलने के बावजूद परीक्षा को समय पर क्यों कराया गया.
उधर, छात्र संगठन NSUI ने भी इस पूरे घटनाक्रम पर कड़ा ऐतराज जताया है और दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है. विश्वविद्यालय प्रशासन का कहना है कि जांच रिपोर्ट आने के बाद ही जिम्मेदार लोगों पर कड़ी कार्रवाई होगी और रद्द हुई एंटोमोलॉजी परीक्षा की नई तारीख का ऐलान किया जाएगा.
यह भी पढ़ें: कांग्रेस सांसद इमरान मसूद को बड़ा झटका, दामाद ने थामा साइकिल का साथ, अखिलेश की मौजूदगी में SP में शामिल
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

