Bharat Express DD Free Dish

उत्तर भारत में मौसम का ‘आफतकाल’: पहाड़ों पर बर्फबारी और मैदानों में बारिश की तैयारी, यूपी-बिहार में ‘रेड अलर्ट’ जारी

उत्तर भारत में ठंड का दूसरा दौर शुरू होने वाला है. दिल्ली में भले ही कोहरा कम हुआ है, लेकिन मौसम विभाग ने यूपी और बिहार में अगले 3 दिनों के लिए शीतलहर और घने कोहरे का अलर्ट जारी किया है. दो नए पश्चिमी विक्षोभों के कारण पहाड़ों पर बर्फबारी की संभावना है.

IMD Weather Update

उत्तर भारत में ठंड का मिजाज एक बार फिर बदलने वाला है. दिल्ली-NCR में सोमवार की सुबह भले ही आसमान साफ दिखा और कोहरे से राहत मिली, लेकिन मौसम विभाग (IMD) की मानें तो यह महज ‘तूफान से पहले की शांति’ जैसा है. दरअसल, पहाड़ों पर सक्रिय हो रहे दो पश्चिमी विक्षोभ (Western Disturbances) मैदानी इलाकों में ठिठुरन बढ़ाने को तैयार हैं. इसका सीधा असर दिल्ली, उत्तर प्रदेश और बिहार समेत पूरे उत्तर भारत पर पड़ने वाला है.

दिल्ली में साफ हुआ आसमान

राजधानी दिल्ली में पिछले कुछ दिनों से जो घना कोहरा छाया हुआ था, वह सोमवार सुबह छट गया. धूप निकलने की उम्मीद जगी है, लेकिन तापमान अभी भी नीचे ही बना रहेगा. मौसम विभाग का कहना है कि आज दिल्ली का न्यूनतम तापमान 7 से 9 डिग्री के बीच रह सकता है. राहत की बात यह है कि अगले 3-4 दिनों तक कड़ाके की ठंड में बहुत ज्यादा इजाफा तो नहीं होगा, लेकिन 23 जनवरी के आसपास मौसम करवट लेगा. उस दौरान हल्की बूंदाबांदी और 30 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चलने वाली तेज हवाएं दिल्लीवालों की मुश्किलें बढ़ा सकती हैं.

यूपी और बिहार में ‘कोल्ड डे’ का अलर्ट

दिल्ली के मुकाबले उत्तर प्रदेश और बिहार की स्थिति ज्यादा गंभीर बनी हुई है. यहाँ के लोगों को अभी कोहरे और शीतलहर से राहत मिलती नहीं दिख रही. IMD ने चेतावनी दी है कि अगले दो-तीन दिनों तक यूपी के पूर्वी और पश्चिमी हिस्सों में ‘बहुत घना कोहरा’ छाया रहेगा. बिहार में भी दृश्यता (visibility) बेहद कम रहने वाली है, जिससे सड़क और रेल यातायात प्रभावित हो सकता है. मौसम विभाग ने इन राज्यों में 21 जनवरी तक ‘कोल्ड डे’ की स्थिति बने रहने की संभावना जताई है, जिसका मतलब है कि दिन के समय भी धूप नहीं खिलेगी और गलन बनी रहेगी.

पहाड़ों पर बर्फबारी और मैदानों में बारिश

मौसम के इस बदलाव के पीछे मुख्य वजह पहाड़ों पर आ रहे दो पश्चिमी विक्षोभ हैं. पहला 19 जनवरी की रात और दूसरा 21 जनवरी की रात से उत्तर-पश्चिम भारत पर असर दिखाना शुरू करेंगे. इनकी वजह से जम्मू-कश्मीर, लद्दाख और हिमाचल प्रदेश में अच्छी-खासी बर्फबारी और बारिश होने का अनुमान है. पहाड़ों पर होने वाली यह बर्फबारी जब मैदानी इलाकों की ओर ठंडी हवाएं भेजेगी, तो पंजाब, हरियाणा और राजस्थान में तापमान और गिरेगा.

सावधानी ही बचाव

मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि भले ही अभी दिल्ली में कोहरा कम है, लेकिन यूपी, बिहार और ओडिशा जैसे राज्यों में शीतलहर का प्रकोप जारी रहेगा. 23 जनवरी के बाद न्यूनतम तापमान में 2 से 4 डिग्री की बढ़ोतरी हो सकती है, जिससे रात की ठंड थोड़ी कम होगी, लेकिन बारिश और तेज हवाएं दिन के सुकून को बिगाड़ सकती हैं.

ऐसे में सलाह यही है कि अगर आप सुबह या देर रात सफर कर रहे हैं, तो कोहरे को देखते हुए बेहद सावधानी बरतें. बच्चों और बुजुर्गों का खास ख्याल रखें क्योंकि आने वाले कुछ दिन उत्तर भारत के लिए काफी ‘ठंडे’ साबित होने वाले हैं.

ये भी पढ़ें: मनोज तिवारी का ‘ऑलराउंड’ धमाका और निरहुआ का जलवा; CCL के पहले ही मैच में भोजपुरी दबंग्स की बड़ी जीत, अगले राउंड में बनाई जगह

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read