Bharat Express DD Free Dish

मनोज तिवारी का ‘ऑलराउंड’ धमाका और निरहुआ का जलवा; CCL के पहले ही मैच में भोजपुरी दबंग्स की बड़ी जीत, अगले राउंड में बनाई जगह

सेलिब्रिटी क्रिकेट लीग (CCL) 2026 के पहले मुकाबले में भोजपुरी दबंग्स ने तेलुगू वॉरियर्स को 41 रन से हराकर शानदार आगाज किया है. मनोज तिवारी की गेंदबाजी और टीम के ऑलराउंड प्रदर्शन के दम पर दबंग्स ने अगले चरण में अपनी जगह पक्की कर ली है.

16 जनवरी से शुरू हुए सेलिब्रिटी क्रिकेट लीग (CCL) 2026 के पहले मुकाबले में भोजपुरी दबंग्स ने शानदार प्रदर्शन करते हुए तेलुगू वॉरियर्स को 41 रन से पराजित कर अगले चरण में प्रवेश कर लिया है. यह मुकाबला आंध्र प्रदेश के विशाखापत्तनम में खेला गया.

टॉस जीतकर तेलुगू ने चुनी फील्डिंग

तेलुगू वॉरियर्स ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया. पहले बल्लेबाजी करते हुए भोजपुरी दबंग्स ने निर्धारित ओवरों में 155 रन का चुनौतीपूर्ण लक्ष्य रखा. दबंग्स की ओर से असगर खान ने शानदार 58 रन बनाए, जबकि आदित्य ओझा (23 रन) और प्रवेशलाल यादव ने टीम को मजबूत स्कोर तक पहुँचाने में अहम भूमिका निभाई. विकेट के पीछे अंशुमान सिंह ने भी अपनी मुस्तैदी से सबका दिल जीत लिया.

लेकिन असली कहानी तब शुरू हुई जब तेलुगू वॉरियर्स बल्लेबाजी करने उतरे. कप्तान मनोज तिवारी ने गेंद से ऐसा कहर बरपाया कि विरोधी बल्लेबाज ताश के पत्तों की तरह ढह गए. मनोज तिवारी ने 4 ओवर में महज 16 रन देकर 3 विकेट चटकाए. उनकी इस घातक गेंदबाजी के दम पर तेलुगू टीम सिर्फ 114 रनों पर सिमट गई. मनोज तिवारी को ना केवल ‘बेस्ट बॉलर’ बल्कि ‘मैन ऑफ द मैच’ भी चुना गया. वहीं, दिनेश लाल यादव ‘निरहुआ’ को उनकी शानदार फील्डिंग और एनर्जी के लिए ‘एंटरटेनर ऑफ द मैच’ के खिताब से नवाजा गया.

क्या है CCL और क्यों है यह खास?

आईपीएल की तर्ज पर शुरू हुआ CCL अब अपने 13वें सीजन में प्रवेश कर चुका है. 16 जनवरी से 1 फरवरी तक चलने वाले इस टूर्नामेंट में देश की 8 अलग-अलग फिल्म इंडस्ट्रीज (बॉलीवुड, तमिल, तेलुगू, कन्नड़, पंजाबी, मलयालम, बंगाली और भोजपुरी) की टीमें हिस्सा ले रही हैं. इसकी सबसे दिलचस्प बात यह है कि इसमें सिर्फ वही लोग खेल सकते हैं जो अपनी भाषा की फिल्मों के सुपरस्टार हैं.

भोजपुरी दबंग्स सिर्फ यूपी-बिहार की ही नहीं, बल्कि मॉरीशस, फिजी और सूरीनाम जैसे देशों में रहने वाले करीब 32 करोड़ भोजपुरी भाषियों की टीम है. इस साल ‘सानविका फिल्म्स’ (Saanvika Films) इस टीम की ओनर है.

CCL का उद्देश्य केवल मनोरंजन नहीं है. यह लीग ‘नेशनल इंटीग्रेशन’ यानी देश को जोड़ने और ‘हम फिट तो इंडिया फिट’ जैसे संदेशों को बढ़ावा देने के लिए आयोजित की जाती है. इसका मकसद जरूरतमंद लोगों की मदद करना और खेल के जरिए युवाओं को प्रेरित करना भी है.

अगला मुकाबला कब और कहां होगा?

भोजपुरी दबंग्स का अगला मुकाबला अब 24 जनवरी को कोयम्बटूर में होगा. अगर आप भी अपने पसंदीदा सितारों को चौके-छक्के लगाते देखना चाहते हैं, तो इस पूरे टूर्नामेंट को ‘जियो हॉटस्टार’ (Jio Hotstar) पर लाइव देख सकते हैं.

ये भी पढ़ें: घर में हारा भारत! न्यूजीलैंड ने 41 रन से जीता मैच, कोहली का शतक गया बेकार

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read