Bharat Express DD Free Dish
Uttar Pradesh Police Mission Shakti Digital
Uttar Pradesh Police Mission Shakti Digital

UP News: आयकर विभाग की छापेमारी लगातार जारी, पिनटेल, अमरावती के संचालकों के करीबी के ठिकानों पर मारी रेड, वहीं 21 जगहों पर हुई छापेमारी में पकड़ा गया करोड़ों का फर्जी लेन-देन

गोमतीनगर विस्तार स्थित बेतवा अपार्टमेंट के जी ब्लॉक में फ्लैट नंबर 404 में हरेश मिश्रा रहते हैं, जो कि, पिनटेल ग्रुप के रोहित सहाय और अमरावती ग्रुप के रवि पांडेय और रजनीकांत मिश्रा के करीबी हैं.

फोटो-फाइल

Lucknow: यूपी सहित देश के तमाम हिस्सों में आयकर विभाग की छापेमारी लगातार जारी है. जानकारी सामने आ रही है कि, हाल ही में लखनऊ से कानपुर, दिल्ली और कोलकाता में सोना व्यापारियों के घरों व प्रतिष्ठानों में हुई छापेमारी के बाद करीब 250 करोड़ का फर्जी लेन-देन पकड़ा गया है. इसी के साथ सोमवार को भी आयकर विभाग की टीम सक्रिय है तो वहीं रियल एस्टेट कंपनी पिनटेल और अमरावती ग्रुप के ठिकानों पर बीते दिनों आयकर विभाग के छापों के दौरान मिले सुबूतों के आधार पर रविवार को टीम ने गोमतीनगर विस्तार स्थित हरेश मिश्रा के फ्लैट पर छापा मारा गया. इस दौरान फ्लैट में स्टाफ मौजूद मिला, जिसने हरेश मिश्रा के गोवा में होने की जानकारी दी इस पर आयकर विभाग की टीम ने फ्लैट में मौजूद दस्तावेजों की छानबीन की और इसी के साथ हरेश मिश्रा को तत्काल गोवा से लखनऊ आने को कहा गया है.

सूत्रों की मानें तो गोमतीनगर विस्तार स्थित बेतवा अपार्टमेंट के जी ब्लॉक में फ्लैट नंबर 404 में हरेश मिश्रा रहते हैं, जो कि, पिनटेल ग्रुप के रोहित सहाय और अमरावती ग्रुप के रवि पांडेय और रजनीकांत मिश्रा के करीबी हैं. बताया जा रहा है कि, दोनों रियल एस्टेट व्यवसायियों ने संपत्तियों की खरीद-फरोख्त में सेल डीड पर हस्ताक्षर करने के लिए हरेश मिश्रा को ही अधिकृत कर रखा था. ये भी जानकारी सामने आ रही है कि, इन दोनों रियल एस्टेट व्यवसायियों के ठिकानों पर जब हाल ही में छापा मारा गया था, तब इनके ठिकानों से मिले दस्तावेजों में हरेश मिश्रा की संलिप्तता के प्रमाण मिले थे. इसी के बाद अब हरेश मिश्रा भी आयकर विभाग के निशाने पर हैं. सूत्रों की मानें तो हरेश मिश्रा के खिलाफ आयकर विभाग को ऐसे कागजात भी मिले हैं, जिसमें स्पष्ट जानकारी मिली है कि उनके जरिए 65 करोड़ रुपये नगद का लेन-देन किया गया था. बताया जा रहा है कि, इस रकम से कई संपत्तियों के खरीदी-फरोख्त होने की जांच में पुष्टि होने के बाद ही आयकर विभाग की जांच इकाई ने रविवार को हरेश मिश्रा के फ्लैट में छापा मारा था और उनकी गैर मौजूदगी पर उनको बुलाने के लिए स्टाफ से कहा है. इसी के साथ फ्लैट की छानबीन भी की, जिसमें तमाम दस्तावेज आयकर विभाग के हाथ लगे हैं.

ये भी पढ़ें- UP News: लखनऊ-कानपुर समेत यूपी के नामी ज्वैलर्स और व्यापारियों के प्रतिष्ठानों पर IT की रेड, मचा हड़कम्प

इन लोगों से जल्द की जाएगी पूछताछ

सूत्रों की मानें तो पिनटेल ग्रुप के रोहित सहाय, अमरावती ग्रुप के रवि प्रकाश पांडेय, रजनीकांत मिश्रा से जल्द ही आयकर की टीम पूछताछ कर सकती है. इसी के साथ इन कंपनियों के चार्टर्ड अकाउंटेंट से भी पूछताछ की जाएगी. फिलहाल इस पूरे मामले में आयकर विभाग ये पता करने की कोशिश कर रही है कि अचानक पिनटेल और अमरावती ग्रुप में करोड़ों रुपये की एंट्री कहां से हुई थी और उनके प्रोजेक्ट्स में निवेश की गई रकम का स्रोत क्या था?

कानपुर में 17 ठिकानों से मिले कुल 6 करोड़ , कोलकाता में 21 स्थानों पर छापेमारी

बता दें कि बीते गुरुवार से कानपुर, लखनऊ, दिल्ली, कोलकाता के तमाम सर्राफा व्यापारी और रियल एस्टेट कारोबारियों के यहां लगातार आयकर विभाग की छापेमारी जारी है. वहीं खबर सामने आ रही है कि, कानपुर में छापे के तीसरे दिन शनिवार तक शहर के सभी 17 ठिकानों से कुल छह करोड़ रुपये की नकदी मिली है. इसी के साथ टीम को 50 संपत्तियों के कागजात भी मिले हैं. सोना व्यापारियों के यहां स्वजन के जेवरों की गणना की जा रही है.साथ ही प्रतिष्ठानों में सोने व चांदी के जेवर और बुलियन की गणना व दस्तावेज भी जांचे जा रहे हैं. वहीं कानपुर में आयकर विभाग की टीमें बिरहाना रोड स्थित राधामोहन ज्वेल्स एंड लिमिटेड, चौक स्थित राधामोहन पुरुषोत्तम दास ज्वेलर्स, नयागंज स्थित मोनिका ज्वेलरी, द्वारका प्रसाद महादेव प्रसाद ज्वेलर्स के साथ एमराल्ड गार्डन हाउसिंग के प्रमोटर के यहां शनिवार को भी छानबीन में जुटी रही है.

टीम ये भी पता लगाने की कोशिश कर रही है कि, सोना व्यापारियों के यहां से अब तक बरामद छह करोड़ रुपये की नकदी आखिरकार बिजनेस में किस तरह से और कहां से लाई गई. इसी के साथ टीम संपत्तियों के कागजात भी खंगाल रही है. तो वहीं अधिकारियों के मुताबिक ज्वैलर्स कारोबारियों के घरों से मिल रहे सोने के जेवरों का मूल्यांकन किया जा रहा है. टीम प्रतिष्ठानों में मिले जेवरों की लगातार तौल करने में जुटी है औऱ उनकी कीमत का आंकलन भी किया जा रहा है. सूत्रों की मानें तो आयकर विभाग की टीम ने जेवरों की बिक्री के कागजात भी अपने कब्जे में ले लिए हैं. बताया जा रहा है कि, बिक्री के बिलों की संख्या भी काफी अधिक है. वहीं आयकर विभाग ने गुरुवार से ही कोलकाता में भी छापेमारी कर रही है. सूत्रों के मुताबिक, दिल्ली, लखनऊ, कोलकाता में 21 स्थानों पर छापे मारे गए हैं. मालूम हो कि इस छापेमारी में 300 अधिकारी व कर्मचारी लगाए गए हैं.

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read


Uttar Pradesh Police Mission Shakti Digital