Bharat Express DD Free Dish

पाकिस्तान के पूर्व PM इमरान खान और विदेश मंत्री बिलावल भुट्टो के ‘एक्स’ अकाउंट भारत में ब्लॉक

Social Media Ban: पहलगाम हमले के बाद भारत ने पाकिस्तान के पूर्व PM इमरान खान और विदेश मंत्री बिलावल भुट्टो के ‘एक्स’ अकाउंट ब्लॉक किए. शहबाज शरीफ का यूट्यूब चैनल भी बैन. तनाव के बीच सख्त कदम.

Social Media Ban

Social Media Ban: जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले के बाद भारत सरकार पाकिस्तान के खिलाफ सख्त रुख अपनाए हुए है. इसके तहत देश के खिलाफ भड़काऊ बयान देने वाले पाकिस्तानी नेताओं और हस्तियों के सोशल मीडिया अकाउंट्स को भारत में प्रतिबंधित किया जा रहा है. इसी क्रम में रविवार को पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री और पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ (PTI) प्रमुख इमरान खान तथा विदेश मंत्री बिलावल भुट्टो के ‘एक्स’ अकाउंट्स को भारत में ब्लॉक कर दिया गया.

भारत में इनके ‘एक्स’ अकाउंट्स सर्च करने पर प्रोफाइल पिक्चर और कवर इमेज खाली दिख रही हैं. साथ ही एक संदेश प्रदर्शित हो रहा है, जिसमें कानूनी बाध्यता का उल्लेख है.

भारत सरकार ने कई सोशल मीडिया अकाउंट किया बंद

इससे पहले, पाकिस्तान के सूचना और प्रसारण मंत्री अताउल्लाह तरार का ‘एक्स’ अकाउंट भी भारत में बैन किया जा चुका है. तरार ने दावा किया था कि इस्लामाबाद के पास खुफिया जानकारी है, जिसके अनुसार पहलगाम हमले के बाद भारत 24 से 36 घंटे में पाकिस्तान पर सैन्य हमला कर सकता है.

इसके अलावा, शुक्रवार को पाकिस्तानी प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ के आधिकारिक यूट्यूब चैनल को भी ब्लॉक कर दिया गया. यह अब तक का सबसे हाई-प्रोफाइल सोशल मीडिया अकाउंट है, जिसे भारत ने प्रतिबंधित किया. शरीफ के ब्लॉक किए गए प्रोफाइल पर लिखा है, “राष्ट्रीय सुरक्षा या सार्वजनिक व्यवस्था से संबंधित सरकार के आदेश के कारण यह कंटेंट इस देश में उपलब्ध नहीं है.”

भारत सरकार ने पहले पाकिस्तान के रक्षा मंत्री ख्वाजा आसिफ के ‘एक्स’ अकाउंट को भी ब्लॉक किया था. इसके अलावा, पूर्व क्रिकेटर शोएब अख्तर, पत्रकार आरजू काजमी, कमेंटेटर सैयद मुज्जमिल शाह के यूट्यूब चैनल, ओलंपियन अरशद नदीम का इंस्टाग्राम अकाउंट और पूर्व क्रिकेटर शाहिद अफरीदी के यूट्यूब चैनल को भी सस्पेंड किया गया है. 30 अप्रैल को अभिनेत्रियों हनिया आमिर और माहिरा खान के इंस्टाग्राम प्रोफाइल्स को भी ब्लॉक किया गया.

भारत ने कूटनीतिक कदम उठाए

मोदी सरकार की ये कार्रवाइयां 22 अप्रैल को पहलगाम में हुए आतंकी हमले के बाद शुरू हुईं, जिसमें 26 लोगों की हत्या हुई थी. इस हमले की जिम्मेदारी पाकिस्तानी आतंकी समूह लश्कर-ए-तैयबा (LeT) से जुड़े ‘द रेजिस्टेंस फोर्स’ (TRF) ने ली थी, हालांकि बाद में उसने इससे इनकार किया.

पहलगाम हमले के बाद भारत-पाकिस्तान के बीच तनाव चरम पर है. भारत ने कई कूटनीतिक और रणनीतिक कदम उठाए हैं, जिनमें 1960 की सिंधु जल संधि को निलंबित करना, अटारी इंटिग्रेटेड चेक पोस्ट बंद करना और पाकिस्तानी नागरिकों के लिए वीजा सेवाएं स्थगित करना शामिल हैं.

ये भी पढे़ें: पाकिस्तान में खौफ! पहलगाम हमले के बाद संसद का आपात सत्र, राष्ट्रपति जरदारी ने आधी रात को जारी किया आदेश

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read