Bharat Express DD Free Dish
Pension Mission Shakti Digital
Pension Mission Shakti Digital

‘ऑपरेशन सिंदूर’ के बाद पहली बार…भारत ने PAK को भेजा न्योता! क्या पिघल रही भारत-पाकिस्तान के बीच जमी बर्फ?

भारत ने दिल्ली में 20 से 22 नवंबर तक होने वाले पहले ‘सिविलाइज़ेशनल डायलॉग फोरम’ के लिए SCO के सभी 10 सदस्य देशों को आमंत्रित किया है.

मई 2025 में हुए खौफनाक पहलगाम आतंकी हमले और उसके बाद भारत द्वारा चलाए गए ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के बाद दोनों देशों के बीच बने भयंकर सैन्य तनाव के बीच एक बहुत बड़ी कूटनीतिक खबर सामने आई है. भारत ने सीमा पार हुए उस तीखे टकराव के बाद पहली बार आधिकारिक रूप से कदम बढ़ाते हुए पाकिस्तान को नई दिल्ली आने का न्योता भेजा है.

राजधानी दिल्ली में 20 से 22 नवंबर तक आयोजित होने जा रहे पहले ‘सिविलाइज़ेशनल डायलॉग फोरम’ (सभ्यता संवाद मंच) के लिए भारत ने शंघाई सहयोग संगठन (SCO) के सभी 10 सदस्य देशों को औपचारिक आमंत्रण पत्र जारी कर दिया है.

पीएम मोदी के प्रस्ताव पर हो रहा आयोजन

संस्कृति मंत्रालय और विदेश मंत्रालय की संयुक्त मेजबानी में होने वाले इस भव्य अंतरराष्ट्रीय कार्यक्रम की रूपरेखा पिछले साल चीन के तियानजिन में आयोजित SCO शिखर सम्मेलन के दौरान तय हुई थी. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस सभ्यता संवाद का विचार दुनिया के सामने रखा था जिसे SCO परिषद ने सर्वसम्मति से स्वीकार कर लिया था.

अधिकारियों के मुताबिक, 16वीं सदी के ऐतिहासिक ‘पुराना किला’ परिसर में आयोजित होने वाले इस तीन दिवसीय कार्यक्रम का भव्य उद्घाटन खुद पीएम मोदी करेंगे. यह वही किला है जहां पुरातात्विक खुदाई में भारत के 3000 साल पुराने समृद्ध इतिहास और सभ्यता के साक्ष्य मिले हैं.

पाकिस्तानी मंत्री औरंगजेब खान को न्योता

मोदी सरकार ने इस विशेष फोरम के लिए पाकिस्तान के राष्ट्रीय विरासत और संस्कृति मंत्री औरंगजेब खान खिची को आधिकारिक रूप से आमंत्रित किया है. इनके अलावा चीन, रूस, ईरान, बेलारूस और मध्य एशियाई देशों सहित कुल 10 सदस्य देशों के संस्कृति मंत्रियों, 15 संवाद साझेदारों और पर्यवेक्षक राष्ट्रों के प्रतिनिधियों को बुलावा भेजा गया है.

हालांकि, मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक इस्लामाबाद ने अभी तक यह स्पष्ट नहीं किया है कि उनके प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व कौन करेगा. अगर औरंगजेब खान दिल्ली आते हैं, तो 2023 में गोवा आए बिलावल भुट्टो के बाद यह पहला मौका होगा जब भारत की सरजमीं पर किसी पाकिस्तानी मंत्री की अगवानी की जाएगी.

SCO के मंच पर जारी है कूटनीतिक संतुलन

2016 के बाद से ही भारत ने आतंकवाद के मुद्दे पर पाकिस्तान में होने वाली SAARC बैठकों का बहिष्कार किया हुआ है, लेकिन वैश्विक कूटनीतिक मंचों और बहुपक्षीय संगठनों में भारत ने हमेशा अपने राष्ट्रीय हितों को सर्वोपरि रखा है. भारत इससे पहले भी पाकिस्तान में हुई SCO-RATS की बैठकों में शामिल होता रहा है और हाल ही में सितंबर में भारतीय नेशनल कोऑर्डिनेटर आलोक डिमरी को इस्लामाबाद भेजा गया था.

‘ऑपरेशन सिंदूर’ के भयंकर सैन्य तनाव के बाद दिल्ली में होने जा रही यह SCO बैठक दोनों देशों के कूटनीतिक संबंधों के लिहाज से बेहद अहम मानी जा रही है.

Also Follow Bharat Express on Youtube

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read


Pension Mission Shakti Digital