Bharat Express DD Free Dish

भारत-स्विट्जरलैंड साझेदारी के 3 मजबूत स्तंभ, पीएम मोदी बोले- इनोवेशन, इंफ्रास्ट्रक्चर और टेक्नोलॉजी पर बढ़ेगा सहयोग

India Switzerland Partnership: पीएम मोदी ने स्विस राष्ट्रपति गाय परमेलिन से मुलाकात में भारत-स्विट्जरलैंड संबंधों को मजबूत करने पर चर्चा की. जानें व्यापार, रक्षा, परमाणु ऊर्जा और टेक्नोलॉजी से जुड़ी बड़ी बातें.

PM Modi Switzerland President Guy Parmelin

भारत-स्विट्जरलैंड साझेदारी के 3 मजबूत स्तंभ

India Switzerland Partnership: नई दिल्ली में सोमवार को भारत और स्विट्जरलैंड के बीच रिश्तों को मजबूत करने को लेकर अहम बातचीत हुई. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हैदराबाद हाउस में स्विस राष्ट्रपति गाय परमेलिन (Guy Parmelin) के साथ व्यापक चर्चा की. बैठक के बाद दोनों नेताओं ने साझा प्रेस वार्ता की और आर्थिक सहयोग से लेकर रक्षा, परमाणु ऊर्जा और आधुनिक तकनीक तक कई मुद्दों पर आगे बढ़ने की बात कही.

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि भारत और स्विट्जरलैंड की साझेदारी अब सिर्फ पारंपरिक कारोबारी रिश्तों तक सीमित नहीं है. इनोवेशन, इंफ्रास्ट्रक्चर और एडवांस्ड टेक्नोलॉजी इसके तीन प्रमुख आधार बन रहे हैं. उन्होंने परमेलिन की भारत-स्विट्जरलैंड संबंधों को आगे बढ़ाने में भूमिका की भी सराहना की.

ईएफटीए समझौते से बढ़ी उम्मीद

मोदी ने भारत और यूरोपीय फ्री ट्रेड एसोसिएशन (ईएफटीए) के बीच हुए ट्रेड एंड इकोनॉमिक पार्टनरशिप एग्रीमेंट का भी जिक्र किया. यह समझौता अक्टूबर 2025 में लागू हुआ था और इसमें स्विट्जरलैंड के साथ आइसलैंड, नॉर्वे और लिकटेंस्टीन शामिल हैं. प्रधानमंत्री के मुताबिक, इस समझौते से दोनों पक्षों के बीच व्यापार और निवेश के नए रास्ते खुले हैं.

बैठक में रक्षा सहयोग को भी आगे बढ़ाने पर चर्चा हुई. दोनों देशों ने मिलिट्री एक्सचेंज, डिफेंस प्रोडक्शन और सहयोग की नई संभावनाओं पर बात की. इसके अलावा परमाणु ऊर्जा के क्षेत्र में साझेदारी को और मजबूत करने पर भी सहमति बनी.

भारतीय उत्पादों के लिए स्विस बाजार पर नजर

भारत की कोशिश अब स्विट्जरलैंड के बाजार में अपने उत्पादों की पहुंच बढ़ाने की है. मोदी ने कहा कि एग्रीकल्चर, फार्मा, टेक्सटाइल और इंजीनियरिंग गुड्स के निर्यात को बढ़ावा देने पर काम किया जाएगा. साथ ही भारत बायोटेक, लाइफ साइंसेज, बैंकिंग, इंश्योरेंस, फूड प्रोसेसिंग और सस्टेनेबिलिटी जैसे क्षेत्रों में स्विस निवेश आकर्षित करना चाहता है.


ये भी पढ़ें: Swiss President India Visit: भारत-स्विट्जरलैंड में निवेश और रोजगारों के लिए हुए बड़े समझौते, PM मोदी ने क्‍या-कुछ कहा जानिए


मोदी ने दोनों देशों के पुराने रिश्तों का भी उल्लेख किया. उन्होंने स्वामी विवेकानंद और महात्मा गांधी के स्विट्जरलैंड से जुड़े प्रसंगों को याद करते हुए कहा कि दोनों देशों की दोस्ती का आधार काफी पुराना है. परमेलिन की तीन दिवसीय भारत यात्रा के दौरान व्यापार, निवेश, विज्ञान, तकनीक और अन्य क्षेत्रों में सहयोग को और आगे बढ़ाने की कोशिश होगी.

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read