Bharat Express DD Free Dish

भारत करेगा 2029 वर्ल्ड पुलिस एंड फायर गेम्स की मेजबानी, गृह मंत्री अमित शाह ने इसे बताया देश के लिए गर्व का क्षण

All India Police and Fire Games 2029 की मेजबानी भारत को मिली है. केंद्रीय मंत्री अमित शाह ने इसे हर भारतीय के लिए गर्व का विषय बताया और अहमदाबाद के चयन को सराहा.

All India Police and Fire Games

All India Police and Fire Games: केंद्रीय गृह मंत्री और सहकारिता मंत्री श्री अमित शाह ने भारत को 2029 वर्ल्ड पुलिस एंड फायर गेम्स की मेज़बानी मिलने पर खुशी जताई है. उन्होंने इसे हर भारतीय नागरिक के लिए गौरव का क्षण बताया है.

श्री शाह ने X प्लेटफॉर्म पर पोस्ट करते हुए कहा,

“यह हर नागरिक के लिए गर्व की बात है कि भारत को प्रतिष्ठित 2029 वर्ल्ड पुलिस एंड फायर गेम्स की मेज़बानी का अवसर मिला है. प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व में निर्मित हमारे विशाल खेल ढांचे को यह वैश्विक मान्यता दर्शाता है. अहमदाबाद का इस आयोजन के लिए चयन होना यह साबित करता है कि यह शहर खेल जगत में तेज़ी से उभर रहा है. यह प्रतियोगिता पुलिस, फायर और डिजास्टर सर्विस के जवानों को एक मंच पर लाकर 50 से अधिक खेलों में भाग लेने का अवसर देती है.”

सुरक्षा सेवाओं से जुड़े कर्मियों के लिए अंतरराष्ट्रीय खेल महाकुंभ

वर्ल्ड पुलिस एंड फायर गेम्स (WPFG) एक द्विवार्षिक अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजन है, जिसकी शुरुआत 1985 में हुई थी.

ये खेल दुनियाभर के पुलिस, अग्निशमन, आपातकालीन चिकित्सा, डिजास्टर रिस्पॉन्स और अन्य सुरक्षा सेवाओं से जुड़े मौजूदा और सेवानिवृत्त कर्मियों के लिए आयोजित किए जाते हैं.

अब तक इस खेल महाकुंभ के 20 संस्करण हो चुके हैं — अमेरिका में 8 बार, कनाडा में 5 बार, यूरोप में 4 बार, यूके में 2 बार, और चीन में 1 बार.

भारतीय पुलिस खिलाड़ियों का शानदार प्रदर्शन

भारत ने पहली बार 2007 में ऑस्ट्रेलिया के एडिलेड में इन खेलों में भाग लिया था. इसके बाद भारत ने आठ संस्करणों में भाग लिया है और अब तक 1400 से अधिक पदक अपने नाम किए हैं.

2023 में कनाडा के विनिपेग में आयोजित 20वें संस्करण में 133 भारतीय पुलिस खिलाड़ियों ने भाग लिया और रिकॉर्ड 343 पदक जीते — जिसमें 224 स्वर्ण, 82 रजत और 37 कांस्य पदक शामिल हैं.

All India Police Games

भारतीय दल का चयन ऑल इंडिया पुलिस गेम्स में खिलाड़ियों के प्रदर्शन के आधार पर किया जाता है. इन राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं का आयोजन हर वर्ष ऑल इंडिया पुलिस स्पोर्ट्स कंट्रोल बोर्ड (AIPSCB) करता है, जिसमें 53 सदस्य संगठन शामिल हैं — जिनमें केंद्रीय

सशस्त्र पुलिस बल (CAPFs), राज्य पुलिस बल और अन्य सुरक्षा एजेंसियां आती हैं. यह बोर्ड सालभर में 40 विभिन्न खेल प्रतियोगिताएं आयोजित करता है.

अहमदाबाद को इस प्रतिष्ठित आयोजन की मेजबानी मिलना न केवल शहर की खेल क्षमताओं को दर्शाता है, बल्कि भारत की आयोजन क्षमता और वैश्विक खेल मंच पर बढ़ते प्रभाव को भी रेखांकित करता है.

अब भारत 2029 में इस आयोजन के माध्यम से दुनिया को एक बार फिर दिखाएगा कि हम न केवल खेलों में अव्वल हैं, बल्कि हमारे वीर सिपाही — पुलिस और आपातकालीन सेवाओं के योद्धा — भी अंतरराष्ट्रीय मंच पर गौरव का प्रतीक हैं.

ये भी पढ़ें- आचार्य विद्यानंद जी महाराज के शताब्दी समारोह में शामिल हुए पीएम मोदी, ‘धर्म चक्रवर्ती’ की उपाधि से किया गया सम्मानित

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read