Bharat Express DD Free Dish

भारतीय वायुसेना ने दिखाई ताकत, आतंक के विरुद्ध ‘ऑपरेशन सिंदूर’ की सफलता के बाद वीडियो के जरिए दुश्मन को दिया ये संदेश

भारतीय वायुसेना ने ‘ऑपरेशन सिंदूर’ की सफलता के बाद एक दमदार वीडियो जारी किया जिसमें उसकी सटीक एयरस्ट्राइक और ताकतवर जवाबी कार्रवाई को दिखाया गया है.

Indian Airforce
Vijay Ram Edited by Vijay Ram

पाकिस्तान के खिलाफ हालिया आतंकवाद विरोधी कार्रवाई ‘ऑपरेशन सिंदूर’ की सफलता के बाद भारतीय वायुसेना ने मंगलवार को एक दमदार वीडियो जारी किया, जिसका शीर्षक था—”Indian Air Force – Responds with resolve always…”. यह वीडियो वायुसेना की ताकत, सटीकता और जवाबी कार्रवाई की तत्परता को दर्शाता है.

इस वीडियो को IAF ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘X’ (पूर्व में ट्विटर) पर साझा किया. इसमें भारतीय वायुसेना के अभियानों की झलकियां दिखाई गई हैं, जहां फाइटर जेट्स को बेहद तेज़, घातक और फुर्तीले बताया गया है. वीडियो में उन्हें ऐसे लक्ष्य भेदते हुए दिखाया गया है, जो “उच्च सटीकता” से ध्वस्त किए जाते हैं. बैकग्राउंड में गूंजता है—”आरंभ है प्रचंड…”—यह गीत फिल्म ‘गुलाल’ से लिया गया है, जिसे पीयूष मिश्रा ने लिखा और गाया है.

वीडियो में वायुसेना को “unseen, unstoppable and unmatched” यानी “अदृश्य, अजेय और अनुपम” बताया गया है, जो यह साफ दर्शाता है कि भारतीय वायुसेना किसी भी खतरे का जवाब कितनी प्रभावशाली और निर्णायक तरीके से देती है.

यह वीडियो ऐसे समय में जारी किया गया जब भारत ने आतंकवादी हमले के जवाब में एक बड़ा सैन्य अभियान अंजाम दिया. बता दें कि 7 मई को जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में पाकिस्तान समर्थित आतंकवादियों ने हमला कर 26 निर्दोष लोगों की जान ले ली थी. इसके जवाब में भारत ने ‘ऑपरेशन सिंदूर’ लॉन्च किया.

इस अभियान के तहत भारतीय वायुसेना ने पाकिस्तान और पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर (PoK) के भीतर स्थित नौ आतंकवादी ठिकानों को निशाना बनाकर एयरस्ट्राइक की. इनमें बहावलपुर में जैश-ए-मोहम्मद का मुख्यालय और मुरिदके में लश्कर-ए-तैयबा का एक अहम अड्डा भी शामिल था, जो पाकिस्तान के भीतरी इलाकों में स्थित हैं.

भारतीय हमलों के बाद पाकिस्तान ने नियंत्रण रेखा पर गोलीबारी और ड्रोन हमलों की कोशिशें कीं. इसके जवाब में IAF ने और भी बड़ी कार्रवाई करते हुए पाकिस्तान के 11 अहम सैन्य ठिकानों को निशाना बनाया. इनमें रडार स्टेशन, कम्युनिकेशन हब और एयरबेस शामिल थे. खास तौर पर रावलपिंडी स्थित नूर खान एयरबेस और रहीम यार खान एयरबेस जैसी हाई-वैल्यू लोकेशन्स को निशाना बनाया गया.

10 मई को दोनों देशों के बीच तनाव कुछ हद तक कम हुआ और संघर्षविराम पर सहमति बनी. हालांकि, भारत ने साफ किया कि ऑपरेशन सिंदूर फिलहाल रुका है, खत्म नहीं हुआ.

ये भी पढ़ें- हिंद महासागर में चीन की जासूसी चाल: उसका खुफिया युद्धपोत ‘Da Yang Yi Hao’ बना भारत की सुरक्षा के लिए चुनौती

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read