Operation Sindoor: 22 अप्रैल को जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले का करारा जवाब देते हुए भारतीय सेना ने बीती रात एक बड़ा सैन्य ऑपरेशन अंजाम दिया. मंगलवार और बुधवार की दरम्यानी रात करीब 2 बजे भारतीय सेना ने ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के तहत पाकिस्तान और पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर (POK) में मौजूद 9 आतंकी ठिकानों को मिसाइलों से निशाना बनाकर तबाह कर दिया.
सेना के सूत्रों के अनुसार, निशाना बनाए गए नौ ठिकानों में से चार पाकिस्तान के भीतर और पांच POK में स्थित थे. हमले की सबसे बड़ी मार बहावलपुर पर पड़ी, जहां आतंकी संगठन जैश-ए-मोहम्मद का सरगना मसूद अजहर का मदरसा पूरी तरह ध्वस्त कर दिया गया. इसके अलावा कोटली और मुजफ्फराबाद में भी सटीक हमले किए गए.
पाकिस्तान का मीडिया भी कर रहा है हमले की पुष्टि
पाकिस्तान के एक लोकप्रिय टीवी चैनल ने खुद यह स्वीकार किया है कि बहावलपुर में मसूद अजहर के मदरसे पर चार मिसाइलें दागी गईं. वहां चारों ओर आग की लपटें देखी गईं और हालात बेहद तनावपूर्ण हो गए. रिपोर्ट के मुताबिक इस हमले में एक बच्चे की मौत और चार लोग घायल हुए हैं. पाकिस्तानी सेना और अन्य सुरक्षा बलों ने इलाके को घेर लिया है और चारों ओर सड़कें बंद कर दी गई हैं.
परिवार के 10 लोगों के मारे जाने पर रोया मसूद अजहर
भारतीय वायुसेना द्वारा किए गए ऑपरेशन सिंदूर में आतंकी संगठन जैश-ए-मोहम्मद को बड़ा नुकसान हुआ है. इस एयर स्ट्राइक में संगठन के प्रमुख मसूद अजहर के परिवार के 10 सदस्य मारे गए हैं. खुद मसूद अजहर ने इस बात की पुष्टि की है. अजहर ने एक बयान में बताया कि हमले में उसके परिवार के 10 लोगों के साथ चार नजदीकी साथी भी मारे गए. इस हमले से वह बेहद दुखी है. उसने कहा, “काश मैं भी इस हमले में मारा जाता.”
जैश-ए-मोहम्मद की ओर से जारी बयान के अनुसार, अजहर की बड़ी बहन और मौलाना कशफ का पूरा परिवार इस हमले में मारा गया. इसके अलावा मुफ्ती अब्दुल रऊफ के पोते-पोतियों को भी चोटें आई हैं. बाजी सादिया के पति और उनकी सबसे बड़ी बेटी के चार बच्चे भी घायल हुए हैं. बयान में यह भी बताया गया कि हमले में मारी गई ज्यादातर महिलाएं और बच्चे हैं. मारे गए लोगों को आज ही सुपुर्द-ए-खाक किया जाएगा.
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

