Urdu Conclave 2026

डॉलर के मुकाबले रुपया रिकॉर्ड निचले स्तर पर, शेयर बाजार में तेजी

Indian rupee record low: भारतीय रुपया शुक्रवार को डॉलर के मुकाबले 93.12 के ऐतिहासिक निचले स्तर पर पहुंच गया. भू-राजनीतिक तनाव और कच्चे तेल की ऊंची कीमतों से दबाव बढ़ा है, जबकि घरेलू शेयर बाजारों में तेजी देखने को मिली.

Indian rupee record low: भारतीय रुपया शुक्रवार को डॉलर के मुकाबले अब तक के सबसे निचले स्तर पर पहुंच गया. घरेलू मुद्रा 93.12 पर बंद हुई, जो पहली बार 93 के पार निकली है. यह गिरावट 0.55 प्रतिशत की रही, जबकि बुधवार को रुपया 92.63 पर बंद हुआ था.

भू-राजनीतिक तनाव का असर

मध्य पूर्व में ईरान, अमेरिका और इजरायल के बीच जारी संघर्ष ने भारतीय मुद्रा पर दबाव बढ़ा दिया है. युद्ध शुरू होने के बाद से रुपया करीब 2 प्रतिशत कमजोर हुआ है. विशेषज्ञों का कहना है कि रुपया 92.8 से ऊपर कारोबार कर रहा है, जो संकेत देता है कि कच्चे तेल की ऊंची कीमतें और वैश्विक जोखिम से बचने की प्रवृत्ति इसे लगातार प्रभावित कर रही हैं.

तकनीकी स्तर

एनरिच मनी के सीईओ पोनमुडी आर ने बताया कि अगर रुपया 93.00 से ऊपर बना रहता है तो इसमें और कमजोरी देखने को मिल सकती है. उनके अनुसार 93.20-93.40 रुकावट का स्तर है, जबकि 92.70 और 92.40-92.50 सपोर्ट लेवल माने जा रहे हैं.

शेयर बाजार में तेजी

हालांकि मुद्रा बाजार में दबाव है, लेकिन घरेलू शेयर बाजारों में मजबूती देखने को मिली. सेंसेक्स 900 अंक से ज्यादा चढ़ा और लगभग 1 प्रतिशत की बढ़त दर्ज की. निफ्टी भी करीब 300 अंक यानी 1.35 प्रतिशत ऊपर गया.

एफआईआई की बिकवाली

विदेशी संस्थागत निवेशक लगातार इक्विटी से पैसा निकाल रहे हैं. गुरुवार को एफआईआई ने 7,558 करोड़ रुपए की बिकवाली की.

तेल की कीमतों में उतार-चढ़ाव

कच्चे तेल की कीमतों में गिरावट दर्ज की गई. डब्ल्यूटीआई क्रूड 1.67 प्रतिशत घटकर 93.65 डॉलर प्रति बैरल और ब्रेंट क्रूड 1.20 प्रतिशत गिरकर 107.3 डॉलर प्रति बैरल पर पहुंचा. अमेरिकी वित्त मंत्री स्कॉट बेसेंट ने संकेत दिया कि ईरानी तेल पर लगे प्रतिबंधों में ढील दी जा सकती है, जिससे कीमतों पर दबाव आया.

ये भी पढ़ें-कला संकुल में भारतीय नववर्ष का सांस्कृतिक उत्सव: कथक की मनमोहक प्रस्तुतियों ने बांधा समां

हालांकि, पश्चिम एशिया में जारी संघर्ष के चलते पिछले तीन हफ्तों में ब्रेंट क्रूड लगभग 40 प्रतिशत बढ़ चुका है. 2 मार्च को यह 77.74 डॉलर प्रति बैरल था, जो 19 मार्च तक बढ़कर 108.65 डॉलर प्रति बैरल हो गया.

Also Follow Bharat Express on Youtube

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read