Delhi Airport Full Emergency: देश के सबसे व्यस्ततम इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय (IGI) हवाई अड्डे पर शनिवार सुबह उस वक्त हड़कंप मच गया, जब विशाखापट्टनम से दिल्ली आ रही इंडिगो की फ्लाइट 6E 579 के इंजन में अचानक तकनीकी खराबी आ गई. पायलट द्वारा इंजन फेल होने की सूचना मिलते ही एयरपोर्ट अथॉरिटी ने रनवे नंबर-28 पर ‘पूर्ण आपातकाल’ (Full Emergency) घोषित कर दिया. विमान में सवार 161 यात्रियों और क्रू मेंबर्स की जान दांव पर थी, लेकिन पायलट की सूझबूझ और ग्राउंड स्टाफ की मुस्तैदी से एक बड़ा हादसा टल गया.
आसमान में छिड़ा ‘जिंदगी और मौत’ का संघर्ष
जानकारी के अनुसार, इंडिगो के इस विमान ने सुबह विशाखापट्टनम से दिल्ली के लिए सामान्य उड़ान भरी थी. सफर के दौरान ही विमान के एक इंजन ने काम करना बंद कर दिया. हवा में एक इंजन के साथ विमान को संतुलित करना पायलट के लिए बड़ी चुनौती थी. सुबह करीब 10:39 बजे एटीसी (ATC) को इसकी जानकारी दी गई, जिसके बाद Delhi Airport पर हाई अलर्ट जारी कर दिया गया. फायर ब्रिगेड की गाड़ियां, एम्बुलेंस और मेडिकल टीमों को तुरंत रनवे की ओर रवाना किया गया.
रनवे नंबर-28 पर ‘मई-डे’ जैसे हालात
अग्निशमन विभाग को सुबह 10:53 बजे इमरजेंसी लैंडिंग की सूचना मिली. किसी भी संभावित आग या दुर्घटना से निपटने के लिए दमकल की कई गाड़ियां रनवे पर तैनात कर दी गईं. फ्लाइट ट्रैकिंग वेबसाइट के अनुसार, भारी तनाव के बीच विमान ने सुबह 10:59 बजे रनवे नंबर-28 पर लैंड किया. लैंडिंग के वक्त रनवे को पूरी तरह खाली करा लिया गया था ताकि कोई अन्य बाधा न आए.
सभी यात्री सुरक्षित, एजेंसियों ने ली राहत की सांस
विमान के सुरक्षित लैंड होते ही एयरपोर्ट प्रशासन और यात्रियों ने राहत की सांस ली. विमान में सवार सभी 161 यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया है. प्रारंभिक जांच में विमान के एक इंजन में तकनीकी खराबी (Technical Fault) की पुष्टि हुई है. हालांकि, इंडिगो या नागरिक उड्डयन महानिदेशालय (DGCA) की ओर से अभी विस्तृत आधिकारिक बयान आना बाकी है. फिलहाल सभी सुरक्षा एजेंसियां विमान की बारीकी से जांच कर रही हैं.
ये भी पढ़ें: सियासत से कैसे बचा जेवर एयरपोर्ट? जानें 25 साल, 3 PM, 6 CM और राजनाथ सिंह के सपने की कहानी
दिल्ली एयरपोर्ट पर शनिवार की यह घटना एविएशन सेक्टर में सुरक्षा मानकों और इमरजेंसी प्रोटोकॉल की अहमियत को दर्शाती है. गनीमत रही कि विमान ने सुरक्षित लैंडिंग की और किसी को कोई नुकसान नहीं पहुँचा. इंजन फेल होने के कारणों की जांच के बाद ही स्पष्ट हो पाएगा कि यह मानवीय चूक थी या तकनीकी खराबी.
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.


