Bharat Express DD Free Dish
Uttar Pradesh Police Mission Shakti Digital
Uttar Pradesh Police Mission Shakti Digital

स्वच्छता में नंबर वन इंदौर की हवा क्यों हुई जहरीली? दिवाली की रात AQI 1708 पहुंचने का दावा

लगातार आठ बार देश का सबसे स्वच्छ शहर बनने वाले इंदौर में दिवाली की रात आतिशबाजी के बाद वायु प्रदूषण का स्तर बेहद खराब होने का दावा किया गया. AQI 1708 के आंकड़े को लेकर शहर की स्वच्छता व्यवस्था और पर्यावरण प्रबंधन पर सवाल उठने लगे हैं.

Indore Air Pollution AQI 1708: लगातार आठ बार देश के सबसे स्वच्छ शहर का खिताब अपने नाम करने वाला इंदौर अब अपनी आबोहवा (Air Quality) को लेकर देशभर में चर्चा में आ गया है. दिवाली की रात शहर में हुई जबर्दस्त आतिशबाजी के बाद इंदौर का एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) 1708 के डरावने स्तर तक पहुंचने का दावा किया गया है. हवा की गुणवत्ता खराब होने के मामले में इंदौर देश में दूसरे नंबर पर पहुंच गया, जिसके बाद स्वच्छता के तमाम दावों पर सवाल उठने लगे हैं.

अब इस जहरीली हवा को लेकर शहर की राजनीति भी पूरी तरह गरमा गई है. जहां महापौर ने मौसम और आतिशबाजी को इसकी वजह बताकर सफाई दी है, वहीं कांग्रेस ने नगर निगम के दावों की धज्जियां उड़ाते हुए मोर्चा खोल दिया है.

दिवाली की रात AQI 1708 तक पहुंचने का दावा(Indore Air Pollution AQI 1708)

दिवाली की रात इंदौर में जमकर हुई आतिशबाजी के कारण शहर पर धुएं और प्रदूषण की मोटी परत छा गई. अचानक बिगड़े इन आंकड़ों ने स्वच्छता के मॉडल शहर में हर किसी को हैरान कर दिया. आतिशबाजी के बाद AQI का स्तर 1708 तक दर्ज होने की खबरों से देशभर में इंदौर के वायु प्रदूषण की चर्चा छिड़ गई.

हालांकि प्रशासनिक स्तर पर इस आंकड़े के पीछे आतिशबाजी के साथ-साथ मौसम के घटकों को जिम्मेदार बताया जा रहा है.

महापौर पुष्यमित्र भार्गव की सफाई

प्रदूषण पर उठते सवालों के बीच इंदौर के महापौर पुष्यमित्र भार्गव ने मोर्चा संभालते हुए स्थिति स्पष्ट की. महापौर ने कहा कि दिवाली पर एक साथ हुई भारी आतिशबाजी और मौसम में अचानक बढ़ी नमी की वजह से कुछ घंटों के लिए AQI में बड़ा उछाल आया था.

उन्होंने बताया कि नगर निगम की सफाई टीमों ने रात 3 बजे से ही सघन सफाई अभियान शुरू कर दिया था और अब शहर के हालात तेजी से सामान्य हो रहे हैं. इसके साथ ही महापौर ने कथित पर्यावरणवादियों पर भी निशाना साधा.

कांग्रेस ने नगर निगम को घेरा

महापौर की सफाई को खारिज करते हुए मध्य प्रदेश महिला कांग्रेस की प्रदेश अध्यक्ष रीना बोरासी ने नगर निगम और स्थानीय प्रशासन को कटघरे में खड़ा किया. उन्होंने नगर निगम द्वारा पूर्व में किए गए भारी-भरकम वृक्षारोपण के दावों पर सीधे सवाल उठाए.

रीना बोरासी ने चेतावनी दी कि इंदौर के नागरिकों के स्वास्थ्य और साफ हवा के अधिकार के लिए कांग्रेस पार्टी मजबूती से सड़क से लेकर संसद तक लड़ाई लड़ेगी.

पटाखों का धुआं या सिस्टम की नाकामी?

विशेषज्ञों के मुताबिक दिवाली की रात प्रदूषण का स्तर अत्यधिक बढ़ने के पीछे सिर्फ पटाखों का धुआं ही नहीं, बल्कि मौसम की परिस्थितियां भी बड़ी वजह रहीं. हवा की सुस्त रफ्तार और रात में नमी अधिक होने के कारण हानिकारक प्रदूषक कण जमीन के करीब हवा में जम गए.

लेकिन अब सबसे बड़ा सवाल यही उठ रहा है कि क्या इंदौर की जहरीली हवा के लिए सिर्फ दिवाली को जिम्मेदार ठहराया जाए या फिर शहर में चल रहे निर्माण कार्यों, गाड़ियों के धुएं और प्रशासनिक तैयारियों के अभाव की भी गंभीरता से पड़ताल होनी चाहिए?

ये भी पढ़ें: ‘मैं पढ़ूंगा सोनिया गांधी की किताब’, रविशंकर प्रसाद ने बताया क्या खुलेंगे राज, राहुल पर हमला



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read


Uttar Pradesh Police Mission Shakti Digital