Jay Vyas
Indore Viral Wedding Video: हर माता-पिता का सपना होता है कि उनकी बेटी की शादी बड़े धूमधाम से और बिना किसी अड़चन के संपन्न हो. लेकिन कभी-कभी कुदरत के आगे सारे इंतजाम धरे के धरे रह जाते हैं. कुछ ऐसा ही नजारा मध्य प्रदेश के इंदौर में देखने को मिला, जहां झमाझम बारिश ने शादी के रंग में भंग डालने की पूरी कोशिश की. लेकिन कहते हैं ना, जहां चाह वहां राह! इस मुसीबत के बीच एक ऐसा अजब-गजब और प्यारा नजारा देखने को मिला, जिसने हर किसी का दिल जीत लिया.
मैरिज गार्डन बना तालाब
यह दिलचस्प मामला इंदौर के केट रोड स्थित एक मैरिज गार्डन का है. शहर में लगातार हो रही तेज बारिश की वजह से गार्डन में हर तरफ जलभराव हो गया. हालात यह हो गए कि मंडप तक जाने का रास्ता पूरी तरह पानी में डूब गया. दुल्हन का भारी-भरकम लहंगा और सैंडल पहनकर उस गंदे पानी से गुजरना नामुमकिन था.
ऐसे में दूल्हे राजा ने जरा भी देर नहीं की और फिल्मी स्टाइल में अपनी दुल्हनिया को गोद में उठा लिया. दूल्हा अपनी दुल्हन को गोद में उठाए पानी के बीच से होते हुए सीधे मंडप तक ले गया.
मेहमानों ने कैमरे में कैद किया अनोखा पल
शादी की सारी व्यवस्थाएं भले ही बारिश के कारण अस्त-व्यस्त हो गई थीं, लेकिन इस वाकये ने माहौल को खुशनुमा बना दिया. शादी में आए मेहमानों ने इस अनोखे और रोमांटिक पल को अपने मोबाइल कैमरों में कैद कर लिया. अब यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है और लोग दूल्हे के इस अंदाज की जमकर तारीफ कर रहे हैं. भारी बारिश और तमाम दिक्कतों के बावजूद दोनों ने हंसते-मुस्कुराते हुए शादी की सभी रस्मों को पूरा किया.
ये भी पढ़ें- 20 हजार चुरा कर भाग रहे दरोगा जी को ट्रक ड्राइवर ने बीच सड़क पर जमकर कूटा, देखें VIDEO
Also Follow Bharat Express on Youtube
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.




