उत्तर प्रदेश कैडर के दो प्रभावशाली आईपीएस अधिकारी, कृष्ण कुमार बिश्नोई और अंशिका वर्मा, जल्द ही सात फेरे लेकर एक-दूसरे के जीवनसाथी (IPS KK Bishnoi Anshika Verma wedding) बनने जा रहे हैं. राजस्थान के बाड़मेर जिले के धोरीमन्ना से ताल्लुक रखने वाले 2018 बैच के आईपीएस के.के. बिश्नोई और 2021 बैच की तेजतर्रार अफसर अंशिका वर्मा की शादी की रस्में आज यानी 27 मार्च से शुरू हो गई हैं.
बता दें कि शादी का मुख्य समारोह 29 मार्च को होगा जबकि 30 मार्च को जोधपुर के प्रसिद्ध ‘लहरिया रिसॉर्ट’ में एक भव्य रिसेप्शन आयोजित किया जाएगा. इस विवाह समारोह में राजस्थान, उत्तर प्रदेश और दिल्ली के कई दिग्गज राजनेताओं के साथ-साथ पुलिस महकमे के आला अधिकारियों के शामिल होने की उम्मीद है.
बाड़मेर से शुरू होंगी शादी की रस्में
शादी की शुरुआती रस्में के.के. बिश्नोई के पैतृक गांव धोरीमन्ना में आयोजित की जा रही हैं. आज 27 मार्च को आईपीएस बिश्नोई के गांव पहुँचते ही पारंपरिक ‘घी पिलाने’ की रस्म के साथ वैवाहिक कार्यक्रमों (IPS KK Bishnoi Anshika Verma wedding) का श्रीगणेश होगा. इसके बाद हल्दी और संगीत के रंगारंग कार्यक्रम बाड़मेर की लोक संस्कृति के बीच संपन्न होंगे.
वहीं परिवार के मुताबिक, 25 मार्च को संभल में एक निजी सगाई समारोह आयोजित किया गया था, जिसमें केवल बेहद करीबी लोग ही शामिल हुए थे. अब 28 मार्च को बारात की सभा होगी और 29 मार्च को बारात जोधपुर के लिए रवाना होगी, जहाँ मारवाड़ी रीति-रिवाजों के साथ दोनों अधिकारी एक-दूजे के होंगे.
किसान पुत्र से ‘एसपी’ तक का सफर: कौन हैं के.के. बिश्नोई?
एक साधारण किसान परिवार से आने वाले कृष्ण कुमार बिश्नोई की कहानी प्रेरणा से भरी है. बाड़मेर के धोरीमन्ना निवासी के.के. बिश्नोई अपने छह भाई-बहनों में सबसे छोटे हैं. उन्होंने मात्र 24 साल की उम्र में यूपीएससी जैसी कठिन परीक्षा पास कर ली थी. 2018 बैच के इस अधिकारी ने मेरठ और मुजफ्फरनगर जैसे चुनौतीपूर्ण जिलों में अपनी सेवाएं दीं और वर्तमान में संभल जिले के पुलिस कप्तान (SP) के रूप में तैनात हैं. उनकी कार्यशैली और जमीन से जुड़ाव उन्हें महकमे में एक खास पहचान दिलाता है.
बिना कोचिंग के ‘आईपीएस’ बनीं अंशिका वर्मा
वहीं दुल्हन बनने जा रही अंशिका वर्मा उत्तर प्रदेश के प्रयागराज की रहने वाली हैं. अंशिका ने किसी नामी कोचिंग के बिना, अपनी मेहनत के दम पर यूपीएससी की परीक्षा क्रैक की और 136वीं रैंक हासिल की थी. उनके पिता यूपीपीसीएल से रिटायर्ड इंजीनियर हैं.
बताते चलें कि अंशिका तीन बहनों में सबसे छोटी हैं और वर्तमान में बरेली में एसपी (साउथ) के पद पर तैनात हैं. आगरा और गोरखपुर में अपनी सख्त छवि के लिए पहचानी जाने वाली अंशिका और के.के. बिश्नोई की यह जोड़ी सोशल मीडिया पर भी काफी लोकप्रिय है, और उनके प्रशंसक इस ‘पावर कपल’ को सोशल मीडिया पर जमकर बधाइयां दे रहे हैं.
Also Follow Bharat Express on Youtube
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.



