Bharat Express DD Free Dish
Chhath Puja 2026
Chhath Puja 2026

योगी सरकार की नीतियों से यूपी में दुग्ध क्रांति: राजस्थान-गुजरात को पछाड़कर नंबर-1 बना प्रदेश

राष्ट्रीय दुग्ध दिवस पर उत्तर प्रदेश ने बीते 8 वर्षों में दूध उत्पादन में 40 फीसदी की वृद्धि (388 लाख मीट्रिक टन पार) के साथ देश में नंबर वन स्थान बरकरार रखा है. गाजियाबाद के हेता (HETHA) मॉडल से 150 से अधिक देशी उत्पाद 10 देशों तक पहुंच रहे हैं.

CM Yogi Leads Uttar Pradesh To Number One In Milk Production With 40 Percent Growth On National Milk Day

राष्ट्रीय दुग्ध दिवस के मौके पर उत्तर प्रदेश ने डेयरी और पशुपालन के क्षेत्र में अपनी बादशाहत और मजबूत कर ली है. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में बीते आठ वर्षों के दौरान राज्य में दूध उत्पादन करीब 40 फीसदी बढ़ा है. जहां साल 2016-17 में यूपी का दूध उत्पादन 277 लाख मीट्रिक टन था, वहीं 2024-25 में यह आंकड़ा 388 लाख मीट्रिक टन के पार पहुंच गया है. देश के कुल दूध उत्पादन में अकेले 16 फीसदी हिस्सेदारी के साथ यूपी ने राजस्थान, मध्य प्रदेश, गुजरात और महाराष्ट्र जैसे बड़े राज्यों को पीछे छोड़ दिया है. पशुपालन विभाग के अपर मुख्य सचिव मुकेश मेश्राम के मुताबिक, यह बढ़ोतरी योजनाबद्ध विकास और जमीनी स्तर पर पशुपालकों को आर्थिक मजबूती देने का नतीजा है.

गाजियाबाद के ‘हेता’ मॉडल से 10 देशों तक पहुंचा कारोबार

यूपी में अब गोवंश संरक्षण केवल आस्था नहीं, बल्कि बड़े कारोबार का जरिया बन चुका है. अमेरिका समेत कई देशों की नामी सॉफ्टवेयर कंपनियों में 14 साल इंजीनियर रहे गाजियाबाद के असीम रावत ने सीएम योगी की प्रेरणा से ‘हेता (HETHA)’ एथिकल डेयरी मॉडल खड़ा किया. आज वे 100 लोगों की टीम के साथ 1,000 से ज्यादा देशी गायों का संरक्षण कर रहे हैं, जिनमें दूध न देने वाली वृद्ध गायें भी शामिल हैं.

इस मॉडल के तहत ए2 दूध, पारंपरिक बिलौना घी, ब्राह्मी घृत, लड्डू, हर्बल चाय, स्किन केयर और गोमूत्र अर्क समेत 150 से अधिक उत्पाद तैयार हो रहे हैं. करीब 10 करोड़ रुपये के सालाना टर्नओवर वाले ये उत्पाद अब अमेरिका, ब्रिटेन, कनाडा, ऑस्ट्रेलिया, न्यूजीलैंड, यूरोप, सिंगापुर और दुबई समेत 10 से ज्यादा देशों में निर्यात किए जा रहे हैं.

4 लाख महिलाओं की ताकत, 76 हजार बनीं ‘लखपति दीदी’

यूपी की इस दुग्ध क्रांति की असली धुरी गांव की महिलाएं हैं. उत्तर प्रदेश राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन के निदेशक अरुण कुमार के अनुसार, राज्य के 31 जिलों में चार लाख से अधिक महिला दुग्ध उत्पादक रोजाना 13 लाख लीटर से ज्यादा दूध का संग्रह कर रही हैं. इससे जुड़कर 76 हजार से अधिक महिलाएं ‘लखपति दीदी’ बन चुकी हैं.

गांव-गांव तक संगठित बाजार पहुंचाने के लिए पांच महिला कंपनियां (बुंदेलखंड में बलिनी, पूर्वांचल में काशी, अवध में सामर्थ्य, गोरखपुर में श्री बाबा गोरखनाथ कृपा और तराई में सृजन एमपीसीएल) सक्रिय हैं. डिजिटल मशीनों से फैट जांच और सीधे बैंक खाते में भुगतान होने से बिचौलियों की भूमिका खत्म हुई है.

मिनी-नंदिनी योजना से गांव में ही मिल रहा रोजगार

युवाओं को डेयरी व्यवसाय से जोड़ने के लिए सरकार मिनी-नंदिनी योजना और डेयरी मास्टरप्लान के तहत दो से 25 गायों की यूनिट लगाने पर अनुदान दे रही है. खास तौर पर स्वदेशी गायों के पालन पर 50 फीसदी तक सब्सिडी मिलने से ग्रामीण युवाओं के लिए अपने ही गांव में रोजगार के नए रास्ते खुल रहे हैं.

यह भी पढ़ें: पीडीए प्रणपत्र में महिलाओं, किसानों और छात्रों को बड़ी सौगात का वादा, बेटी के जन्म पर सोना देने का ऐलान

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read

UP Tourism