Bharat Express DD Free Dish
Kanya Sumangla Mission Shakti Digital
Kanya Sumangla Mission Shakti Digital

इक़बाल अशहर को ‘भारत एक्सप्रेस उर्दू’, अनामिका जैन अंबर को ‘भारत एक्सप्रेस हिंदी’ और हिमांशी बाबरा को ‘सितारा-ए-सुख़न अवॉर्ड’

नई दिल्ली के इंडिया इंटरनेशनल सेंटर में भारत एक्सप्रेस न्यूज़ नेटवर्क की ओर से आयोजित ‘बज़्म-ए-सहाफ़त’ के तहत ‘उर्दू सहाफ़त कॉन्क्लेव’ के दौरान ये सम्मान प्रदान किए गए।

Bharat Express Award: ‘बज़्म-ए-सहाफ़त’ के तहत आयोजित ‘उर्दू सहाफ़त कॉन्क्लेव’ में प्रसिद्ध शायर इक़बाल अशहर को उर्दू शायरी में उनके उल्लेखनीय योगदान के लिए ‘भारत एक्सप्रेस उर्दू अवॉर्ड 2026’, प्रसिद्ध कवयित्री अनामिका जैन अंबर को हिंदी कविता के क्षेत्र में उनकी पहचान और योगदान के लिए ‘भारत एक्सप्रेस हिंदी सम्मान 2026’ तथा उर्दू शायरी में युवा पीढ़ी की लोकप्रिय कवयित्री हिमांशी बाबरा को ‘सितारा-ए-सुख़न अवॉर्ड 2026’ से सम्मानित किया गया। नई दिल्ली के इंडिया इंटरनेशनल सेंटर में भारत एक्सप्रेस न्यूज़ नेटवर्क की ओर से राष्ट्रीय उर्दू भाषा विकास परिषद (NCPUL) के सहयोग से आयोजित ‘बज़्म-ए-सहाफ़त’ के तहत ‘उर्दू सहाफ़त कॉन्क्लेव’ के दौरान ये सम्मान प्रदान किए गए।

इक़बाल अशहर: उर्दू शायरी से गहरा रिश्ता

‘भारत एक्सप्रेस उर्दू अवॉर्ड 2026’ से सम्मानित प्रसिद्ध शायर इक़बाल अशहर का कविता से रिश्ता महज अभिव्यक्ति तक सीमित नहीं है, बल्कि यह उनके जीवन और भावनाओं का एक महत्वपूर्ण हिस्सा है। उर्दू शायरी की परंपरा से जुड़े रहते हुए अपने दौर के अनुभवों और भावनाओं को काव्यात्मक रूप देना उनके रचनात्मक सफर की प्रमुख विशेषता रही है।

अनामिका जैन अंबर: कविता के जरिए समाज से संवाद

‘भारत एक्सप्रेस हिंदी सम्मान 2026’ से सम्मानित प्रसिद्ध कवयित्री अनामिका जैन अंबर के लिए कविता अपनी भावनाओं को आवाज़ देने और समाज से संवाद करने का माध्यम है। अपने काव्य सफर में उन्होंने प्रेम, मानवीय रिश्तों, सामाजिक संवेदनाओं और जीवन के विभिन्न रंगों को अपनी रचनाओं का हिस्सा बनाया है।

हिमांशी बाबरा: नई पीढ़ी की आवाज़

‘सितारा-ए-सुख़न अवॉर्ड 2026’ से सम्मानित युवा कवयित्री हिमांशी बाबरा का उर्दू शायरी से जुड़ाव एक ऐसे सफर की तरह है, जिसमें परंपरा और समकालीन भावनाएं साथ-साथ चलती हैं। उन्होंने अपनी शायरी के माध्यम से नई पीढ़ी की भावनाओं, प्रेम, रिश्तों और जीवन के अनुभवों को अभिव्यक्ति देने का प्रयास किया है।

उर्दू पत्रकारिता और राजनीतिक संवाद पर चर्चा

कॉन्क्लेव में उर्दू भाषा, उर्दू पत्रकारिता, साहित्य और राजनीतिक संवाद से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा हुई। कॉन्क्लेव के उद्घाटन सत्र में केंद्रीय अल्पसंख्यक कार्य एवं संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने मुख्य अतिथि के रूप में हिस्सा लिया। सम्मानित अतिथियों के रूप में पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता सैयद शाहनवाज़ हुसैन, पूर्व राज्यसभा सांसद एवं वरिष्ठ पत्रकार शाहिद सिद्दीक़ी और राष्ट्रीय अल्पसंख्यक शैक्षणिक संस्थान आयोग (NCMEI) के कार्यवाहक अध्यक्ष प्रोफेसर (डॉ.) शाहिद अख्त़र शामिल हुए। भारत एक्सप्रेस न्यूज़ नेटवर्क के निदेशक एवं ग्रुप मैनेजिंग एडिटर राधेश्याम राय ने मुख्य वक्तव्य दिया, जबकि राष्ट्रीय उर्दू भाषा विकास परिषद के निदेशक डॉ. मोहम्मद शम्स इक़बाल ने परिचयात्मक वक्तव्य दिया। भारत एक्सप्रेस उर्दू के संपादक डॉ. खालिद रज़ा ख़ान ने स्वागत भाषण, जबकि भारत एक्सप्रेस उर्दू के चीफ सब-एडिटर डॉ. निसार अहमद ख़ान ने कार्यक्रम का संचालन किया।

ऑल इंडिया मुशायरा और कवि सम्मेलन

कॉन्क्लेव के अंतिम सत्र में उर्दू अकादमी, दिल्ली के सहयोग से ऑल इंडिया मुशायरा एवं कवि सम्मेलन का शानदार आयोजन किया गया। मुशायरे की अध्यक्षता इक़बाल अशहर ने की। डॉ. सैयद फारूक ने मुख्य अतिथि और शालिनी सिंह ने सम्मानित अतिथि के रूप में हिस्सा लिया, जबकि कार्यक्रम का संचालन मोइन शादाब ने किया। मुशायरे में प्रोफेसर रहमान मुसव्विर, डॉ. अना देहलवी, अलीना इतरत, अख्त़र आज़मी, अनामिका जैन अंबर, अनस फैज़ी, डॉ. हबीबुर्रहमान, डॉ. खुशबू परवीन, सफ़ीर सिद्दीक़ी और डॉ. नवाज़िश तालिब ने अपनी रचनाएं प्रस्तुत कीं और श्रोताओं से खूब सराहना हासिल की।

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.
    Tags:

Also Read


Kanya Sumangla Mission Shakti Digital