Bharat Express DD Free Dish

‘पहले सिर पर मारा गिलास, फिर पेपरवेट से किया हमला’, इनकम टैक्स ऑफिस में खूनी संघर्ष, ज्वॉइंट कमिश्नर योगेंद्र मिश्रा ने IRS गौरव गर्ग को पीटा

योगेंद्र मिश्रा इससे पहले उस समय चर्चा में आए थे, जब IRS अधिकारियों के बीच खेले जाने वाले मैच में उन्हें शामिल नहीं किया गया था, तब उन्होंने पिच पर बैठकर जबरदस्त हंगामा किया था.

IRS Gaurav Garg

IRS गौरव गर्ग पर ज्वॉइंट कमिश्नर योगेंद्र मिश्रा ने किया हमला.

लखनऊ के हजरतगंज स्थित इनकम टैक्स ऑफिस में गुरुवार (29 मई) को भारतीय राजस्व सेवा (IRS) के दो अधिकारियों के बीच हिंसक झड़प हो गई, जिसमें 2016 बैच के IRS अधिकारी गौरव गर्ग गंभीर रूप से घायल हो गए. गौरव गर्ग पर ज्वॉइंट कमिश्नर योगेंद्र मिश्रा ने गिलास फेंक कर मार दिया, जिससे उनके सिर और कान में गंभीर चोट लग गई. आनन-फानन में गौरव गर्ग को सिविल अस्पतला में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है.

कांच के गिलास और पेपरवेट से हमला

सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, ये विवाद, पहले से चल रही एक विभागीय जांच को लेकर शुरू हुआ. तभी योगेन्द्र मिश्रा ने गौरव गर्ग पर कांच का गिलास और पेपरवेट फेंक कर मार दिया. हाई प्रोफाइल मामला होने की वजह से इस मामले पर कोई भी अधिकारी बोलने से बच रहा है. हालांकि गौरव गर्ग ने ज्वॉइंट कमिश्नर योगेंद्र मिश्रा के खिलाफ हजरतगंज थाने में FIR दर्ज कराई है. गौरव गर्ग की पत्नी रवीना त्यागी IPS अधिकारी हैं, और अभी फिलहाल लखनऊ में ही एलआईयू में तैनात हैं.

विवादों से योगेंद्र मिश्रा का पुराना नाता

इस घटना के बाद से आयकर विभाग के अलावा सियासी गलियारों में भी इसकी खूब चर्चा हो रही है. बताया जा रहा है कि ज्वॉइंट कमिश्नर योगेंद्र मिश्रा इससे पहले भी विवादों में रह चुके हैं. उनके खिलाफ पहले से कई शिकायतें उच्च अधिकारियों को मिल चुकी हैं. इसी के चलते उनका तबादला उत्तराखंड के काशीपुर कर दिया गया था. गुरुवार को योगेंद्र मिश्रा चल रही विभागीय जांच के सिलसिले में आयकर विभाग के कार्यालय पहुंचे थे.

IRS Gaurav Garg से मिलने पहुंचे थे योगेंद्र मिश्रा

बताया जा रहा है कि करीब शाम को 4 बजे योगेंद्र मिश्रा और गौरव गर्ग (IRS Gaurav Garg) आयकर विभाग के एक वरिष्ठ अधिकारी के साथ बैठे हुए थे, उसी दौरान किसी बात को लेकर बहस शुरू हुई, तभी टेबल पर रखा गिलास और पेपरवेट उठाकर योगेंद्र मिश्रा ने गौरव गर्ग के सिर पर मार दिया.

योगेंद्र मिश्रा इससे पहले उस समय चर्चा में आए थे, जब IRS अधिकारियों के बीच खेले जाने वाले मैच में उन्हें शामिल नहीं किया गया था, तब उन्होंने पिच पर बैठकर जबरदस्त हंगामा किया था, इसी के बाद विभाग ने सख्त कार्रवाई करते हुए उनका तबादला कर दिया था.

यह भी पढ़ें- ऑपरेशन ‘रूम नम्बर 420’: 34 लाख लोगों वाले शहर के साथ कैसे हुई धोखाधड़ी – Bharat Express पर देखें स्याह सच

जानकारी के मुताबिक, योगेंद्र मिश्रा के खिलाफ कई विभागीय जांच चल रही हैं, जिसमें उनपर जूनियर अधिकारियों को धमकाने, फर्जी चैट के जरिए ब्लैकमेल करने जैसे मामले शामिल हैं. इन्हीं में से एक गोपनीय जांच गोरव गर्ग के पास है. जांच को प्रभावित करने और दबाव बनाने की कोशिश कर रहे थे, तभी झड़प हो गई.

इस घटना की जानकारी देते हुए डीसीपी सेंट्रल आशीष श्रीवास्तव ने बताया, ” आईआरएस अधिकारी गौरव गर्ग के द्वारा दी गई दी गई शिकायत के आधार पर FIR दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है. उनका इलाज सिविल अस्पताल में चल रहा है और वह खतरे से बाहर हैं.”

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read