Bharat Express DD Free Dish

पीएम मोदी की नेतृत्व वाली केंद्र सरकार ने हमेशा हिमाचल को भरपूर आर्थिक सहायता और समर्थन दिया- जेपी नड्डा

केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा ने शनिवार को शिमला में भाजपा सरकार के 12 साल पूर्ण होने पर मीडिया से संवाद किया. इस दौरान जहां उन्होंने केंद्र की ओर से हिमाचल प्रदेश को मिले फंड और सहयोग के बारे में विस्तार से बात की तो वहीं, प्रदेश की कांग्रेस सरकार पर जमकर हमला बोला.

JP Nadda

शिमला में शनिवार को भाजपा सरकार के 12 साल पूरे होने के मौके पर केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा ने मीडिया से बातचीत की. इस दौरान उन्होंने केंद्र सरकार की ओर से हिमाचल प्रदेश को मिल रहे सहयोग और योजनाओं का विस्तार से जिक्र किया. साथ ही उन्होंने प्रदेश की कांग्रेस सरकार पर भी तीखा हमला बोला है.

नड्डा ने कहा कि यह कहना गलत है कि हिमाचल को केंद्र से मदद नहीं मिल रही है. उनके मुताबिक, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार लगातार राज्य को आर्थिक सहायता और विकास परियोजनाओं का फायदा दे रही है.

जेपी नड्डा ने स्वास्थ्य क्षेत्र को लेकर कहा कि हिमाचल में इस सेक्टर में काफी काम हुआ है. उन्होंने बताया कि करीब 1,400 करोड़ रुपये की लागत से एम्स बिलासपुर अब पूरी तरह से काम कर रहा है और लोगों को आधुनिक इलाज की सुविधा दे रहा है. इसके अलावा चंबा, नाहन और हमीरपुर मेडिकल कॉलेजों के लिए 547 करोड़ रुपये की मदद दी गई है.

उन्होंने यह भी बताया कि पीजीआई सैटेलाइट सेंटर और चमियाणा सुपर स्पेशलिटी ब्लॉक जैसी परियोजनाएं राज्य में स्वास्थ्य सेवाओं को नई दिशा दे रही हैं.

बुनियादी ढांचे और ऊर्जा क्षेत्र पर जोर

नड्डा ने कहा कि हाइड्रो पावर, शिक्षा, शहरी विकास और रेलवे जैसे क्षेत्रों में भी केंद्र सरकार ने कई बड़ी परियोजनाओं को आगे बढ़ाया है. रेणुका डैम को राष्ट्रीय महत्व का प्रोजेक्ट घोषित कर लगभग 7,000 करोड़ रुपये मंजूर किए गए हैं. वहीं लुहरी स्टेज-1 हाइड्रो प्रोजेक्ट के लिए 1,800 करोड़ रुपये की स्वीकृति दी गई है.

उन्होंने आईआईएम सिरमौर, आईआईआईटी ऊना और स्मार्ट सिटी प्रोजेक्ट्स का भी जिक्र किया और कहा कि ये सभी राज्य के विकास को मजबूती दे रहे हैं.

सड़क और रेल कनेक्टिविटी में निवेश

केंद्रीय मंत्री ने कहा कि हिमाचल में कनेक्टिविटी को मजबूत करने के लिए बड़े पैमाने पर काम हुआ है. करीब 40,000 करोड़ रुपये की लागत से 668 किलोमीटर फोर-लेन सड़कों का निर्माण किया गया है. इसके साथ ही 13,168 करोड़ रुपये की रेल परियोजनाएं, वर्ल्ड क्लास रेलवे स्टेशन और सौर ऊर्जा से जुड़े प्रोजेक्ट राज्य को आगे ले जा रहे हैं.

जेपी नड्डा ने कांग्रेस सरकार पर आरोप लगाते हुए कहा कि केंद्र की मदद को लेकर गलत धारणा बनाई जा रही है. उन्होंने कहा कि कांग्रेस अपनी नाकामी छिपाने के लिए ऐसा नैरेटिव गढ़ रही है, जबकि सच्चाई यह है कि केंद्र सरकार के पास हिमाचल के विकास के लिए पर्याप्त संसाधन और इच्छाशक्ति दोनों हैं.

ये भी पढ़ें: ईरान के सुप्रीम लीडर खामेनेई का अमेरिका पर तीखा वार, बोले- खुद सुरक्षित नहीं तो दूसरों की रक्षा कैसे करेंगे?

Also Follow Bharat Express on Youtube

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read