पाकिस्तान से सब कुछ छोड़कर भारत आईं विस्थापित हिन्दू महिलाओं के चेहरे पर अब उम्मीद की नई किरण दिखाई दे रही है. जयपुर में ‘सेवायाम’ संस्था ने एक खास पहल करते हुए 37 पाक विस्थापित महिलाओं को मुफ्त ऑटोमैटिक सिलाई मशीनें बांटी हैं. ‘कौशल प्रशिक्षण अभियान’ के तहत आयोजित इस कार्यक्रम का मकसद इन महिलाओं को अपने पैरों पर खड़ा करना और उन्हें सम्मानजनक आजीविका से जोड़ना है.
‘भारत में मिला सम्मान और सुरक्षा’
सिलाई मशीनें मिलने के बाद कई महिलाओं की आंखें भर आईं. उन्होंने पाकिस्तान में बिताए अपने खौफनाक दिनों और पीड़ा को साझा करते हुए कहा कि भारत आकर उन्हें न केवल सुरक्षा और सम्मान मिला है, बल्कि अब एक बेहतर और सुरक्षित भविष्य की उम्मीद भी जगी है.
कार्यक्रम में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के जयपुर प्रांत प्रचारक बाबूलाल जी भाईसाहब ने विस्थापित परिवारों का हौसला बढ़ाया. उन्होंने कहा कि भारत उनका अपना घर है, इसलिए यहां डरकर नहीं बल्कि पूरी गरिमा और आत्मविश्वास के साथ जिएं.
सिलाई मशीन नहीं, आत्मसम्मान का जरिया
जयपुर की पूर्व महापौर और ‘सेवायाम’ की संस्थापक डॉ. सौम्या गुर्जर ने बताया कि उनकी संस्था का मकसद सिर्फ मदद बांटना नहीं, बल्कि हुनर के जरिए महिलाओं को सशक्त बनाना है. उन्होंने कहा कि यह महज एक सिलाई मशीन नहीं है, बल्कि इन महिलाओं के आत्मसम्मान, स्वरोजगार और उनके बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की नई शुरुआत है.
इस मौके पर आरएसएस के प्रताप राव, दृष्टदमन सिंह, पूर्व सभापति राजाराम गुर्जर समेत कई सामाजिक कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में विस्थापित परिवार मौजूद रहे.
ये भी पढ़ें: बिहार में खाकी की मौजूदगी में खदेड़-खदेड़ कर पीटा, 6 से ज्यादा जख्मी; देखें VIDEO
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.
