Jaipur Robbery Case
Jaipur Robbery Case: जयपुर में संगठित अपराध के खिलाफ बड़ी सफलता हासिल करते हुए चित्रकूट थाना पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर 8.37 लाख रुपये की लूट के प्रयास का खुलासा कर दिया. मामले में शामिल 6 युवकों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि वारदात में इस्तेमाल की गई बोलेरो गाड़ी भी जब्त कर ली गई है.
पुलिस उपायुक्त (पश्चिम) प्रशांत किरण (आईपीएस) ने बताया कि 24 अप्रैल को चित्रकूट क्षेत्र में एक युवक रवि मीणा को सस्ते दाम पर यूएसडीटी (क्रिप्टोकरेंसी) देने का झांसा देकर बुलाया गया और उससे नकदी लूटने का प्रयास किया गया. सूचना मिलते ही अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त राजेश कुमार गुप्ता और एसीपी अनिल कुमार शर्मा के सुपरविजन में विशेष टीमें गठित की गईं.
सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की हुई पहचान
टीमों ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाले और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान की. इसके बाद अलग-अलग ठिकानों पर दबिश देकर सभी 6 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया. पुलिस ने वारदात में प्रयुक्त बोलेरो (RJ14UN3207) को भी बरामद कर लिया है.
ऐसे देते थे वारदात को अंजाम
आरोपी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स के जरिए लोगों से संपर्क कर उन्हें सस्ते दाम में यूएसडीटी देने का लालच देते थे. तय स्थान पर बुलाकर नकदी लेने के बाद बिना क्रिप्टो ट्रांसफर किए लूटपाट कर फरार हो जाते थे.
ये भी पढ़ें- नोएडा की फैक्ट्रियों में अब नहीं होगा हंगामा! पुलिस कमिश्नर लक्ष्मी सिंह का ‘मिशन इंडस्ट्री’ तैयार, तुरंत होगा समाधान
पुलिस के अनुसार, प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि अधिकांश आरोपी आपराधिक पृष्ठभूमि के हैं और इस गिरोह से अन्य वारदातों के खुलासे की भी संभावना है. मामले में आगे की जांच जारी है.
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

