Bharat Express DD Free Dish

Jaipur School Controversy: जयपुर में स्कूल बंद होने पर पेरेंट्स का हंगामा, विधायक बोले- बच्चों की फीस लेकर भागने वाले होंगे गिरफ्तार

Jaipur Tree House High School Controversy: जयपुर के ट्री हाउस स्कूल बंद होने से शुरू हुए हंगामे को विधायक गोपाल शर्मा ने शांत कराने का प्रयास किया. उन्‍होंने कहा कि स्कूल बंद नहीं होगा और बच्चों के भविष्य से खेलने वाले जेल जाएंगे.

jaipur school news

आमजन को समझाते हुए विधायक बोले- जो बिना कानूनी प्रक्रिया के भागे, गिरफ्तार होंगे, स्कूल खुलेगा

Vijay Ram Edited by Vijay Ram

Tree House High School Jaipur: जयपुर के श्याम नगर स्थित ‘द ट्री हाउस हाई स्कूल’ में उस समय भारी हंगामा हो गया, जब स्कूल के अचानक बंद होने की खबर सामने आई. बच्चों के भविष्य को लेकर चिंतित माता-पिता बड़ी संख्या में स्कूल पहुंचे और मैनेजमेंट के खिलाफ नारेबाजी शुरू कर दी. इस तनावपूर्ण स्थिति की सूचना मिलते ही सिविल लाइंस विधायक गोपाल शर्मा मौके पर पहुंचे और अभिभावकों को शांत कराया.

क्या है पूरा विवाद?

यह विवाद मुख्य रूप से स्कूल की जमीन के मालिक विनय चौरडिया और स्कूल संचालक राजीव भाटिया के बीच किराए को लेकर चल रहा है. मामला कोर्ट तक पहुंच चुका है. हाल ही में स्कूल को एक कानूनी नोटिस मिला, जिसके बाद यह चर्चा फैल गई कि स्कूल बंद किया जा रहा है. नया सत्र शुरू हो चुका है और कई पेरेंट्स फीस भी जमा कर चुके हैं, ऐसे में अचानक स्कूल बंद होने की खबर से अभिभावक परेशान हो गए.

विधायक की चेतावनी: आरोपी होंगे गिरफ्तार

विधायक गोपाल शर्मा ने दोनों पक्षों से बात करने के बाद कड़ा रुख अपनाया. उन्होंने कहा कि बच्चों के भविष्य के साथ खिलवाड़ किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा. विधायक ने स्पष्ट किया कि जो भी बिना कानूनी प्रक्रिया पूरी किए या जिम्मेदारी से भागने की कोशिश करेगा, उसे गिरफ्तार किया जाएगा. उन्होंने कहा कि स्कूल को बीच सत्र (सेशन) में बंद नहीं किया जा सकता.

समाधान के लिए बनेगी संयुक्त टीम

विधायक ने आश्वासन दिया कि शिक्षा विभाग और CBSE के साथ मिलकर इस समस्या का समाधान निकाला जाएगा. बच्चों की पढ़ाई जारी रखने के लिए एक संयुक्त टीम बनाई जाएगी, जिसमें पेरेंट्स और स्कूल मैनेजमेंट के लोग शामिल होंगे. हालांकि, स्कूल मैनेजमेंट ने पेरेंट्स को रिफंड और ट्रांसफर सर्टिफिकेट देने की पेशकश की है, लेकिन माता-पिता अपने बच्चों का साल खराब नहीं करना चाहते और इसी स्कूल में पढ़ाई जारी रखने की मांग पर अड़े हैं.

220 बच्चों के भविष्य का सवाल

द ट्री हाउस हाई स्कूल में वर्तमान में लगभग 220 छात्र पढ़ रहे हैं. इनमें से 45 बच्चे राइट-टू-एजुकेशन (RTE) के तहत शिक्षा ले रहे हैं. विधायक ने साफ कर दिया है कि स्कूल खुला रहेगा और बच्चे यहीं अपनी पढ़ाई पूरी करेंगे.



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read