Japan Earthquake: जापान के मध्य क्षेत्र में रविवार सुबह भूकंप के जोरदार झटके महसूस किए गए, जिससे धरती कांप उठी. इस प्राकृतिक आपदा में कम से कम 22 लोगों के घायल होने की खबर है, जबकि कई इमारतों को नुकसान पहुंचा है और यातायात सेवाएं भी प्रभावित हुई हैं.
जापान के मध्य क्षेत्र में 5.7 तीव्रता के आए तेज भूकंप से भारी अफरा-तफरी मच गई, जिसमें 22 लोग घायल हो गए और इमारतों को नुकसान पहुंचा. प्रशासन और मौसम विभाग ने अगले कुछ दिनों तक लोगों को सतर्क रहने और भूस्खलन को लेकर चेतावनी जारी की है.
जापान में भूकंप के तेज झटकों से हाहाकार
रविवार तड़के मध्य जापान में आए शक्तिशाली भूकंप ने लोगों को सहमा दिया. जापानी मौसम विज्ञान एजेंसी (JMA) ने इस भूकंप की तीव्रता 5.7 मापी है, जबकि अमेरिकी भूवैज्ञानिक सर्वेक्षण (USGS) ने इसे 5.5 आंका है. भूकंप का केंद्र शिजुओका प्रांत में जमीन की सतह से लगभग 40 किलोमीटर नीचे था, जिसके झटके हमामात्सु, क्योटो, नारा, यामानाशी और गिफू तक महसूस किए गए.
दुकानों के टूटे शीशे और दहशत में लोग
स्थानीय समयानुसार सुबह 1:04 बजे आए इस भूकंप के कारण दुकानों की खिड़कियां और शीशे टूटकर सड़कों पर बिखर गए. तेज झटकों से घबराए लोग अपने घरों से बाहर सड़कों पर भागने लगे. भगदड़ और सीढ़ियों से गिरने के कारण कुल 22 लोग घायल हो गए हैं, जिन्हें उपचार दिया जा रहा है. हालांकि, गनीमत यह रही कि अभी तक किसी की जान जाने की सूचना नहीं है.
यातायात प्रभावित और बुलेट ट्रेनें धीमी
भूकंप का असर परिवहन व्यवस्था पर भी साफ देखने को मिला. एहतियात के तौर पर शिंकांसेन बुलेट ट्रेनों की रफ्तार धीमी कर दी गई. अधिकारी लगातार प्रभावित क्षेत्रों में हुए नुकसान का आकलन करने में जुटे हुए हैं.
भूस्खलन की चेतावनी और ‘रिंग ऑफ फायर’ का खतरा
जापान मौसम विज्ञान एजेंसी ने चेतावनी जारी करते हुए अगले एक सप्ताह तक लोगों को तेज झटकों को लेकर सतर्क रहने को कहा है. जिन इलाकों में भूकंप आया है और बारिश की संभावना है, वहां भूस्खलन (Landslide) का भी खतरा जताया गया है. उल्लेखनीय है कि जापान ‘पैसिफिक रिंग ऑफ फायर’ पर स्थित है, जो भूकंप और ज्वालामुखी गतिविधियों के लिए दुनिया का सबसे संवेदनशील क्षेत्र माना जाता है.
यह भी पढ़ें-हूती विद्रोहियों को सऊदी अरब का अल्टीमेटम! एयरस्ट्राइक से हिला सना प्रांत, मिडिल ईस्ट में खौफनाक जंग
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.



