Jhansi Viral Rat Case: उत्तर प्रदेश के झांसी से एक बेहद वीभत्स, क्रूरता से भरा और रोंगटे खड़े कर देने वाला मामला सामने आया है. यहां कुछ युवकों ने एक बेजुबान चूहे के साथ ऐसी हैवानियत की जिसे देखकर किसी का भी दिल दहल जाए. आरोपियों ने चूहे की पूंछ बांधकर उसे बेहद बेरहमी से जिंदा जला दिया और इसका वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया.
जब यह वीडियो पुलिस के संज्ञान में आया, तो हड़कंप मच गया. पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चारों आरोपियों के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया है.
जानिए क्या है पूरा मामला(Jhansi Rat Viral Case)
सामने आए सनसनीखेज वायरल वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि किस तरह इन लड़कों ने क्रूरता की सारी हदें पार कर दीं. आरोपियों ने पहले एक चूहे को पकड़ा और उसकी पूंछ को रस्सी से बांध दिया. इसके बाद उसे एक दरवाजे के पास फंसाकर उस पर ज्वलनशील पदार्थ (केरोसिन या पेट्रोल) छिड़क दिया और माचिस की तीली जलाकर उसे जिंदा आग के हवाले कर दिया.
तड़प-तड़पकर दम तोड़ने वाले इस खौफनाक कृत्य का वीडियो किसी ने सोशल मीडिया पर अपलोड कर दिया, जो देखते ही देखते वायरल हो गया.
ओरछा गेट इलाके का निकला मामला
सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद झांसी पुलिस हरकत में आई. साइबर सेल और कोतवाली पुलिस ने जब इस वायरल वीडियो की तकनीकी जांच की, तो पता चला कि यह मामला शहर कोतवाली क्षेत्र के ओरछा गेट इलाके का है. पुलिस ने वीडियो के आधार पर आरोपियों की पहचान जुनैद कुरैशी, जीशान कुरैशी, आशिफ कुरैशी और शफीक के रूप में की.
इस पूरे मामले पर एक्शन लेते हुए पुलिस अधिकारी प्रिया सिंह ने बताया कि सोशल मीडिया के जरिए पुलिस के संज्ञान में यह अमानवीय वीडियो आया था. कोतवाली थाने में तुरंत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की कड़क धाराओं (धारा-325 व अन्य प्रासंगिक अधिनियम) के तहत मुकदमा दर्ज किया गया.
साथ ही पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए वीडियो में दिख रहे चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है. इस घटना के बाद से स्थानीय लोगों में भी आरोपियों के खिलाफ भारी गुस्सा देखने को मिल रहा है.
Also Follow Bharat Express on Youtube
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.




