Bharat Express DD Free Dish
Uttar Pradesh Police Mission Shakti Digital
Uttar Pradesh Police Mission Shakti Digital

पीएम मोदी ने झारखंड के खूंटी में सात लोगों की मौत पर जताया दुख, घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने झारखंड के खूंटी जिले में एक सड़क दुर्घटना के दौरान सात लोगों की मौत पर दुख जताया है. उन्होंने पीड़ित परिवारों के प्रति अपनी संवेदनाएं व्यक्त कीं और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की.

PM Modi

झारखंड के खूंटी जिले से गुरुवार रात एक बेहद दुखद खबर सामने आई. कर्रा इलाके में हुए भीषण सड़क हादसे में सात लोगों की जान चली गई. इस घटना ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है. हादसे की खबर मिलते ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने शोक जताया और मृतकों के परिवारों के प्रति अपनी संवेदनाएं व्यक्त कीं. दोनों नेताओं ने दुर्घटना में घायल लोगों के जल्द ठीक होने की कामना भी की है.

कैसे हुआ इतना बड़ा हादसा?

जानकारी के मुताबिक, यह दुर्घटना गुरुवार रात करीब 10 बजे कर्रा-तोरपा मुख्य सड़क पर जोने-लुदरू मोड़ के पास हुई. बताया जा रहा है कि इस रास्ते पर एक स्कूटी दुर्घटनाग्रस्त हो गई थी. हादसे के बाद स्कूटी सवार की मदद करने के लिए आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंच गए. कुछ लोग सड़क किनारे जमा होकर उसकी मदद करने की कोशिश कर रहे थे.

इसी बीच तोरपा की तरफ से एक तेज रफ्तार 18 पहियों वाला ट्रेलर-ट्रक वहां आ पहुंचा. ट्रक की रफ्तार काफी तेज थी और देखते ही देखते उसने सड़क किनारे मौजूद लोगों को अपनी चपेट में ले लिया. अचानक हुए इस हादसे से मौके पर अफरा-तफरी मच गई. लोगों को संभलने तक का मौका नहीं मिला.

इस दुर्घटना में छह लोगों की मौके पर ही मौत हो गई. वहीं, गंभीर रूप से घायल 12 साल के एक बच्चे को इलाज के लिए खूंटी सदर अस्पताल ले जाया गया था. हालांकि, डॉक्टरों की कोशिशों के बावजूद बच्चे को बचाया नहीं जा सका और इलाज के दौरान उसने भी दम तोड़ दिया. इस तरह हादसे में मरने वालों की कुल संख्या सात हो गई.

दुर्घटना में एक बच्ची के घायल होने की भी जानकारी सामने आई है. हादसे के बाद स्थानीय लोगों में काफी नाराजगी देखने को मिली.

पीएम मोदी ने जताया दुख

खूंटी हादसे पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी गहरा दुख व्यक्त किया है. प्रधानमंत्री कार्यालय (PMO) ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर उनके संदेश को साझा किया.

इस पोस्ट में प्रधानमंत्री ने कहा कि झारखंड के खूंटी में हुई दुर्घटना में लोगों की जान जाने से उन्हें बेहद दुख पहुंचा है. उन्होंने उन परिवारों के प्रति संवेदना जताई, जिन्होंने इस हादसे में अपने प्रियजनों को खो दिया. साथ ही, घायल लोगों के जल्द स्वस्थ होने की कामना की.

सीएम हेमंत सोरेन ने भी दी श्रद्धांजलि

मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने भी इस घटना पर शोक जताया. उन्होंने सोशल मीडिया पर पोस्ट करते हुए कहा कि खूंटी के कर्रा में सड़क दुर्घटना के कारण सात लोगों की मौत की खबर से उनका मन व्यथित है. मुख्यमंत्री ने मृतकों के परिजनों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की.

उन्होंने मारांग बुरु से दिवंगत लोगों की आत्मा की शांति और उनके परिवारों को इस मुश्किल घड़ी में दुख सहने की शक्ति देने की प्रार्थना भी की.

हादसे के बाद इलाके के लोगों में गुस्सा और नाराजगी साफ नजर आई. शुक्रवार सुबह ग्रामीणों ने कर्रा रेलवे फाटक के पास सड़क पर टायर जलाकर विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया. इस दौरान लोगों ने हादसे को लेकर अपना आक्रोश जाहिर किया.



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read


Uttar Pradesh Police Mission Shakti Digital