Bharat Express DD Free Dish
Pension Mission Shakti Digital
Pension Mission Shakti Digital

Jharkhand: सड़क के लिए जमीन ली, तीन साल बाद भी मुआवजा नहीं, ग्रामीणों ने पांच घंटे जाम रखा हाईवे

ग्रामीणों के अनुसार, सरकारी दफ्तरों के कई चक्कर लगाने और अधिकारियों से गुहार लगाने के बाद भी उन्हें न्याय नहीं मिल पा रहा है. सोमवार सुबह करीब 6.30 बजे से एनएच पर धरना देकर बैठे हैं.

घटनास्थल.

झारखंड के लातेहार जिले के बालूमाथ में सड़क निर्माण के लिए अधिग्रहित जमीन के मुआवजे की मांग को लेकर ग्रामीण सोमवार को सड़क पर उतर आए. उन्होंने रांची से चतरा को जोड़ने वाले एनएच 99 को करीब पांच घंटे तक जाम किए रखा. इस वजह से सड़क पर दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतार लग गई.

बाद में प्रशासन के अफसरों ने आंदोलित ग्रामीणों के साथ वार्ता कर मुआवजे के शीघ्र भुगतान का आश्वासन दिया, तब जाम हटाया गया.

दफ्तरों के चक्कर लगाने पर भी न्याय नहीं

ग्रामीणों का कहना है कि चंदवा से चतरा तक हो रहे सड़क निर्माण के लिए तीन साल पहले सैकड़ों ग्रामीणों की जमीन अधिग्रहित की गई थी, लेकिन इसके एवज में उन्हें आज तक मुआवजे का भुगतान नहीं किया गया है. कई लोग ऐसे हैं, जिनके घर भी तोड़े गए थे.

ग्रामीणों के अनुसार, सरकारी दफ्तरों के कई चक्कर लगाने और अधिकारियों से गुहार लगाने के बाद भी उन्हें न्याय नहीं मिल पा रहा है. सोमवार सुबह करीब 6.30 बजे से एनएच पर धरना देकर बैठे ग्रामीणों का कहना था कि जब तक उन्हें मुआवजे का भुगतान नहीं किया जाएगा, वे यहीं जमे रहेंगे.

जल्द मुआवजा दिया जाएगा

पुलिस के अफसरों ने मौके पर पहुंचकर ग्रामीणों को हटाने का प्रयास किया, लेकिन वे टस से मस नहीं हुए. बाद में करीब 11 बजे बालूमाथ के अंचल अधिकारी विजय कुमार मौके पर पहुंचे. उन्होंने ग्रामीणों के सामने उच्चाधिकारियों से फोन पर बात की और आश्वस्त किया कि सड़क निर्माण में जिनकी भी जमीन ली गई है, उन्हें जल्द ही मुआवजे का भुगतान कर दिया जाएगा.

किसी भी व्यक्ति को सरकारी दफ्तर का चक्कर नहीं लगाना पड़ेगा और उनके अकाउंट में राशि ट्रांसफर कर दी जाएगी. इस आश्वासन के बाद ग्रामीणों ने जाम हटा लिया. उन्होंने चेतावनी दी है कि एक माह के अंदर राशि का भुगतान नहीं हुआ तो वे सड़क को अनिश्चितकाल के लिए जाम कर देंगे.

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read


Pension Mission Shakti Digital