ईरान पर अमेरिका और इजराइल के हमलों के बाद पूरी दुनिया में बहस तेज हो गई है. इस घटनाक्रम को लेकर भारत और इज़राइल के संबंधों पर भी विदेशी मीडिया में चर्चा हो रही है. खासकर इसलिए क्योंकि यह हमला उसी वक्त हुआ जब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी हाल ही में इज़राइल के दौरे से लौटे थे.
इसी बीच हिमाचल प्रदेश के मंडी से सांसद कंगना रनौत ने एक बार फिर पीएम मोदी की कूटनीति और नेतृत्व की जमकर तारीफ की है. उन्होंने विपक्ष पर भी निशाना साधा, जिन्होंने पूरे घटनाक्रम और पीएम मोदी के कार्यों पर सवाल उठाया था.
प्रधानमंत्री की ताकत और विपक्ष को जवाब
कंगना ने सोशल मीडिया पर लोकसभा का एक वीडियो साझा किया, जिसमें पीएम मोदी पाकिस्तान के मंसूबों और सुरक्षा रणनीतियों के बारे में बात कर रहे हैं. इस वीडियो को साझा करते हुए कंगना ने लिखा कि जो लोग पीएम मोदी की नीतियों पर सवाल उठाते हैं, उन्हें यह नहीं भूलना चाहिए कि जब दुनिया के सबसे बड़े और सुरक्षित माने जाने वाले शहर खतरे में थे, भारत ने अपनी पूरी ताकत से दुश्मन की 1000 मिसाइलों को नष्ट कर दिया और मातृभूमि को एक भी नुकसान नहीं होने दिया. उनका कहना है कि यह वही ताकत है जो एक महान नेता के पास होती है.
कंगना के इस पोस्ट से यह साफ हो गया कि उनकी नजर में देश की सुरक्षा सीधे पीएम मोदी की कूटनीति और दूरदर्शिता से जुड़ी है. उन्होंने यह भी जोर देकर कहा कि भारत वर्तमान में युद्ध जैसी स्थिति से दूर है, और यही पीएम मोदी की रणनीति की सफलता है.
राहुल गांधी और कांग्रेस पर भी बरसीं कंगना
कंगना ने हाल ही में एआई (AI) समिट के दौरान कांग्रेस के विरोध प्रदर्शन को लेकर भी तीखा वार किया. उन्होंने इसे बेहद ‘निंदनीय’ करार दिया. एक इंटरव्यू के दौरान उन्होंने कहा कि अंतरराष्ट्रीय स्तर के मंचों पर शर्टलेस होकर प्रदर्शन करना देश का अपमान है.
कंगना ने सीधा निशाना राहुल गांधी पर साधते हुए कहा कि वह अपनी हरकतों से कांग्रेस को खुद बर्बाद कर रहे हैं. उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि कभी संसद में अभद्र व्यवहार तो कभी विदेशी सम्मेलनों में इस तरह का प्रदर्शन भारत की छवि को दुनिया के सामने खराब करता है.
ये भी पढ़ें: ताकत ही भारत की असली ढाल: पीएम मोदी ने बताया कैसे नाकाम हुई थी पाक की सबसे बड़ी साजिश?
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.



