Bharat Express DD Free Dish

पीएम मोदी की बड़ी घोषणा: कानपुर में एयरोनॉटिक्स-डिफेंस के लिए राष्ट्रीय उत्कृष्टता केंद्र बनेगा

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कानपुर में एयरोनॉटिक्स और डिफेंस सेक्टर के लिए राष्ट्रीय उत्कृष्टता केंद्र खोलने की घोषणा की है. यह केंद्र पीएम-सेतु योजना के तहत फ्रांस सरकार के सहयोग से बनाया जाएगा.

PM Modi

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार (19 फरवरी) को कानपुर के नेशनल स्किल ट्रेनिंग इंस्टीट्यूट (एनएसटीआई) में एयरोनॉटिक्स और डिफेंस सेक्टर के लिए एक राष्ट्रीय उत्कृष्टता केंद्र खोलने की घोषणा की. यह केंद्र कौशल विकास एवं उद्यमिता मंत्रालय की पीएम-सेतु योजना के तहत फ्रांस सरकार के सहयोग से बनाया जाएगा.

यह घोषणा भारत-फ्रांस इनोवेशन वर्ष के मौके पर की गई. इस दौरान दोनों देशों ने एयरोनॉटिक्स क्षेत्र में सहयोग बढ़ाने पर भी जोर दिया.

विश्व स्तर का संस्थान बनाना लक्ष्य

कानपुर में बनने वाला यह केंद्र विमानन और रक्षा से जुड़े क्षेत्रों में युवाओं को आधुनिक और उन्नत प्रशिक्षण देगा. यहां एयरोनॉटिक्स, मेंटेनेंस, रिपेयर एंड ओवरहाल (एमआरओ), एयरपोर्ट संचालन और रक्षा निर्माण जैसे विषयों की पढ़ाई और ट्रेनिंग होगी. सरकार का लक्ष्य है कि इसे विश्व स्तर का संस्थान बनाया जाए, ताकि देश के बढ़ते एयरोस्पेस और रक्षा उद्योग को प्रशिक्षित और कुशल कर्मचारी मिल सकें.

मंत्री जयंत चौधरी ने क्या कहा?

कौशल विकास और उद्यमिता राज्य मंत्री जयंत चौधरी ने कहा कि पीएम-सेतु योजना के जरिए देश के आईटीआई संस्थानों को आधुनिक बनाया जा रहा है. उन्होंने कहा कि कानपुर का यह नया केंद्र अंतरराष्ट्रीय स्तर के एविएशन प्रोफेशनल तैयार करेगा और भारत-फ्रांस के रिश्तों को और मजबूत करेगा.


ये भी पढ़ें: राफेल डील की आलोचना पर बोले फ्रांसिसी राष्ट्रपति, कहा- क्यों उठ रहें हैं सवाल… इससे तो भारत को ही मजबूती मिली है


भारत-फ्रांस मलिकर सुविधाएं देगा

इस केंद्र की स्थापना के लिए भारत और फ्रांस के बीच एक आशय पत्र (LOI) पर सहमति बनी है. इसके तहत दोनों देश मिलकर नए कोर्स तैयार करेंगे, शिक्षकों को ट्रेनिंग देंगे और छात्र-प्रशिक्षण के लिए आदान-प्रदान कार्यक्रम भी चलाएंगे. साथ ही भाषा प्रशिक्षण और अन्य सुविधाएं भी दी जाएंगी.

सरकार का कहना है कि यह कदम युवाओं को एयरोनॉटिक्स, डिफेंस और उन्नत तकनीकी क्षेत्रों में बेहतर अवसर देने की दिशा में एक बड़ा प्रयास है.

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read