Bharat Express DD Free Dish

पांचना बांध विवाद पर सोशल मीडिया में अफवाह फैलाने वालों पर करौली पुलिस का एक्शन, 146 अकाउंट बंद

Panchna Dam Dispute: करौली में पांचना बांध से पानी निकासी को लेकर चल रहे विवाद के बीच सोशल मीडिया पर अफवाह और भड़काऊ टिप्पणियां करने वालों के खिलाफ पुलिस ने सख्त रुख अपनाया है. एसपी सोनवाल ने साफ कहा कि सोशल मीडिया पर भड़काऊ पोस्ट करने वालों को 48 घंटे का समय दिया गया है.

Panchna Dam Dispute

Panchna Dam Dispute

रिपोर्ट- शीला मीणा, करौली


Panchna Dam Dispute: करौली में पांचना बांध से पानी निकासी को लेकर चल रहे विवाद के बीच सोशल मीडिया पर अफवाह और भड़काऊ टिप्पणियां करने वालों के खिलाफ पुलिस ने सख्त रुख अपनाया है. करौली पुलिस ने ऐसे 146 सोशल मीडिया अकाउंटों को चिन्हित कर बंद कराया है, जो लगातार भ्रामक पोस्ट और आपत्तिजनक कंटेंट शेयर कर माहौल बिगाड़ने की कोशिश कर रहे थे.

करौली एसपी लोकेश सोनवाल ने प्रेस वार्ता में बताया कि पांचना बांध मामले को लेकर कुछ लोग फेसबुक, वॉट्सऐप, इंस्टाग्राम और X जैसे प्लेटफॉर्म पर गलत जानकारी फैला रहे थे. कई पोस्ट ऐसी थीं, जिनसे लोगों के बीच भ्रम और तनाव पैदा हो सकता था. पुलिस ने इसे गंभीरता से लेते हुए साइबर टीम को सक्रिय किया और ऐसे अकाउंटों पर कार्रवाई शुरू की.

भड़काऊ पोस्ट करने वालों को 48 घंटे का समय

एसपी सोनवाल ने साफ कहा कि सोशल मीडिया पर भड़काऊ पोस्ट करने वालों को 48 घंटे का समय दिया गया है. इस अवधि में यदि संबंधित लोग गलत पोस्ट या आपत्तिजनक कमेंट डिलीट नहीं करते हैं, तो उनके खिलाफ एफआईआर दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की जाएगी.

पुलिस के मुताबिक, साइबर टीम ने अब तक 146 अकाउंटों को चिन्हित कर बंद कराया है. ये अकाउंट पांचना बांध विवाद से जुड़ी भ्रामक और भड़काऊ सामग्री को लगातार शेयर कर रहे थे. एसपी ने बताया कि सोशल मीडिया की निगरानी के लिए विशेष साइबर टीम गठित की गई है, जो 24 घंटे ऑनलाइन गतिविधियों पर नजर रख रही है.

कंटेंट शेयर करने वालों पर भी नजर

पुलिस अब केवल पोस्ट करने वालों पर ही नहीं, बल्कि ऐसे कंटेंट को शेयर कर माहौल बिगाड़ने वालों पर भी नजर रख रही है. संदिग्ध अकाउंटों और पोस्ट से जुड़ा डेटा जुटाया जा रहा है. जरूरत पड़ने पर संबंधित लोगों के खिलाफ आगे की कार्रवाई की जाएगी.

ये भी पढ़ें- ‘ऑपरेशन के लिए रहें तैयार…’ भारत-चीन बॉर्डर पर पहुंचे लेफ्टिनेंट जनरल मदनराज पांडे, लद्दाख से ड्रैगन को दिया कड़ा संदेश

एसपी लोकेश सोनवाल ने आम लोगों से अपील की है कि पांचना बांध मामले में किसी भी अफवाह पर भरोसा न करें. उन्होंने कहा कि लोग केवल पुलिस और प्रशासन की आधिकारिक जानकारी पर ही विश्वास करें. करौली पुलिस ने स्पष्ट कर दिया है कि शांति व्यवस्था बिगाड़ने की कोशिश करने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा.

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read