रिपोर्ट-राजीव
Karol Bagh Firing Incident: देश की राजधानी में कानून-व्यवस्था को चुनौती देते हुए अपराधियों ने आज सुबह तड़के करोल बाग इलाके को गोलियों की गूँज (Delhi Firing News) से दहला दिया. सेंट्रल दिल्ली के फैज रोड स्थित कालका दास चौक पर सुबह करीब 4:00 बजे अज्ञात हमलावरों ने कई राउंड फायरिंग की.
इस वारदात में एक व्यक्ति को गंभीर रूप से गोलियां लगी हैं, जिसे आनन-फानन में पास के आरएमएल (राम मनोहर लोहिया) अस्पताल में भर्ती कराया गया है. डॉक्टरों के मुताबिक, घायल की हालत बेहद नाजुक बनी हुई है.
कई राउंड गोलियों से थर्राया इलाका(Delhi Firing News)
शुरुआती जानकारी के अनुसार, इस खूनी संघर्ष के पीछे पुरानी रंजिश बताई जा रही है. चश्मदीदों और स्थानीय सूत्रों की मानें तो हमलावर पूरी तैयारी के साथ आए थे और उन्होंने टारगेट पर ताबड़तोड़ गोलियां बरसाईं. सुबह के सन्नाटे में अचानक हुई इस फायरिंग से पूरे इलाके में दहशत का माहौल है. पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि हमलावर कितनी संख्या में थे और वारदात को अंजाम देने के बाद वे किस दिशा में फरार हुए.
भारी पुलिस बल तैनात
वारदात की सूचना मिलते ही करोल बाग थाने की पुलिस, देशबंधु गुप्ता रोड थाना और पहाड़गंज थाने की पुलिस टीम मौके पर पहुँच गई. इलाके की संवेदनशीलता को देखते हुए भारी पुलिस बल तैनात किया गया है. क्राइम टीम और फॉरेंसिक एक्सपर्ट्स ने घटना स्थल से खाली कारतूस और अन्य साक्ष्य जुटाए हैं. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि अपराधियों को पकड़ने के लिए इलाके की घेराबंदी कर दी गई है.
CCTV खंगाल रही पुलिस: आरोपियों की तलाश तेज
दिल्ली में बढ़ते क्राइम ग्राफ के बीच पुलिस के लिए यह मामला बड़ी चुनौती बन गया है. हमलावरों की पहचान के लिए कालका दास चौक और फैज रोड के आसपास लगे तमाम सीसीटीवी (CCTV) कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है.
पुलिस को उम्मीद है कि कैमरों में हमलावरों के भागने का रूट और उनकी बाइक या गाड़ी का नंबर कैद हुआ होगा. फिलहाल, पुलिस घायल के होश में आने का इंतजार कर रही है ताकि उसका बयान दर्ज किया जा सके.
यह भी पढ़ें: कौन हैं सुदान गुरुंग, जिन्होंने बीच मझधार में नेपाल के प्रधानमंत्री बालेन शाह का छोड़ा साथ?
क्राइम कैपिटल बनती दिल्ली?
सेंट्रल दिल्ली के इतने व्यस्त और महत्वपूर्ण इलाके में सुबह 4:00 बजे हुई इस वारदात ने दिल्ली पुलिस के सुरक्षा दावों की पोल खोल दी है. स्थानीय निवासियों का कहना है कि राजधानी में अब अपराधी बेखौफ होकर वारदातों को अंजाम दे रहे हैं. करोल बाग जैसे व्यापारिक केंद्र में सरेआम फायरिंग से व्यापारियों और आम जनता के बीच असुरक्षा की भावना बढ़ गई है.
Also Follow Bharat Express on Youtube
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.



