Kayalvizhi bank manager slap case
Kayalvizhi bank manager slap case: तमिलनाडु की राजधानी चेन्नई से एक ऐसा मामला सामने आया है जिसने सोशल मीडिया पर हलचल मचा दी है. पूर्व केंद्रीय मंत्री एमके अलागिरी की बेटी कयालविझी का एक CCTV वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है. वीडियो में वह बैंक मैनेजर के साथ बातचीत के दौरान अचानक अपना आपा खो बैठती हैं और सबके सामने उन्हें थप्पड़ मार देती हैं. इस घटना के बाद मामला पुलिस तक पहुंच गया है.
बात करते-करते अचानक उठीं और जड़ दिया थप्पड़
वायरल CCTV फुटेज में दिखाई देता है कि कयालविझी एक अन्य व्यक्ति के साथ बैंक मैनेजर के सामने बैठकर बातचीत कर रही थीं. शुरुआत में माहौल सामान्य नजर आता है, लेकिन कुछ ही देर बाद वह अचानक कुर्सी से उठती हैं और बैंक मैनेजर के चेहरे पर थप्पड़ मार देती हैं. उनके साथ मौजूद व्यक्ति उन्हें रोकने की कोशिश करता है, लेकिन तब तक घटना हो चुकी होती है.
लिफ्ट को लेकर शुरू हुआ था विवाद
जानकारी के मुताबिक, चेन्नई के अडयार इलाके में कयालविझी की एक कमर्शियल बिल्डिंग है, जिसमें भारतीय स्टेट बैंक (SBI) की शाखा संचालित होती है. बैंक मैनेजर ने बिल्डिंग की खराब लिफ्ट को जल्द ठीक कराने का अनुरोध किया था. इसी बात को लेकर दोनों के बीच बहस हुई, जो देखते ही देखते हाथापाई तक पहुंच गई.
CCTV बना सबसे बड़ा सबूत
घटना बैंक में लगे CCTV कैमरे में रिकॉर्ड हो गई. वीडियो सामने आने के बाद बैंक के चीफ मैनेजर ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई. चेन्नई पुलिस ने उपलब्ध सबूतों के आधार पर कयालविझी के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.
यह भी पढ़ें: कितने पढ़े-लिखे हैं नए शिक्षा मंत्री प्रह्लाद जोशी? जानिए RSS से लेकर राजनीतिक सफर तक सब कुछ
राजनीतिक परिवार से है कनेक्शन
कयालविझी पूर्व केंद्रीय मंत्री और DMK के वरिष्ठ नेता रहे एमके अलागिरी की बेटी हैं. एमके अलागिरी, दिवंगत तमिलनाडु के पूर्व मुख्यमंत्री एम. करुणानिधि के बड़े बेटे और पूर्व मुख्यमंत्री एमके स्टालिन के बड़े भाई हैं. इस वजह से यह मामला राजनीतिक गलियारों में भी चर्चा का विषय बन गया है.
सोशल मीडिया पर लोगों का गुस्सा
वीडियो वायरल होने के बाद सोशल मीडिया पर कई यूजर्स ने सार्वजनिक स्थान पर इस तरह के व्यवहार की आलोचना की है. कई लोगों का कहना है कि किसी भी व्यक्ति की हैसियत या पारिवारिक पहचान कानून से ऊपर नहीं हो सकती और मामले में निष्पक्ष कार्रवाई होनी चाहिए.
भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.


