Bharat Express DD Free Dish

पुणे मर्डर मिस्ट्री: मंगेतर के विग और तुतलेपन से नफरत या खूनी लव ट्रायंगल? 2004 कॉल्स और 338 घंटे की वो ‘सीक्रेट’ बातचीत, जिसने केतन को दी खौफनाक मौत

Ketan Agrawal Murder Update: विग पहनने और तुतलाने की आदत से परेशान होकर मंगेतर सिया गोयल ने अपने प्रेमी चेतन चौधरी के साथ मिलकर रची केतन अग्रवाल की हत्या की खौफनाक साजिश. सीसीटीवी फुटेज और 2000 से ज्यादा कॉल्स ने खोला राज.

Ketan Agrawal Murder

Ketan Agrawal Murder Update: पुणे का बहुचर्चित केतन अग्रवाल मर्डर  (Ketan Agrawal Murder) केस इन दिनों सुर्खियों में है. पुलिस जांच में यह साफ हो चुका है कि केतन की मौत कोई हादसा नहीं, बल्कि उसकी मंगेतर सिया गोयल द्वारा अपने प्रेमी चेतन चौधरी के साथ मिलकर रची गई एक बेहद ठंडे दिमाग की खौफनाक साजिश थी. दो असफल प्रयासों के बाद, तीसरी बार वे अपने इस खतरनाक मंसूबे में कामयाब रहे.

केतन अग्रवाल मर्डर केस में उसकी मंगेतर सिया गोयल ने अपने प्रेमी चेतन चौधरी के साथ मिलकर हत्या की खौफनाक साजिश रची. सिया ने केतन के विग पहनने और तुतलाने को वजह बताया, जिसे केतन के पिता ने खारिज कर दिया. पुलिस को सीसीटीवी में हुडी पहने संदेहास्पद चेतन चौधरी की मौजूदगी और सिया-चेतन के बीच 2004 कॉल्स (338 घंटे की बातचीत) के रूप में बड़े सुराग मिले. सिया ने 18 जून को कामयाब होने से पहले 31 मई और 14 जून को भी केतन को मारने की कोशिश की थी.

हर दिन नए और चौंकाने वाले खुलासे (Ketan Agrawal Murder)

पुणे के केतन अग्रवाल मर्डर केस में हर दिन नए और चौंकाने वाले खुलासे हो रहे हैं. घटना वाले दिन यानी 18 जून को ही केतन के पिता विशाल अग्रवाल को सिया पर गहरा शक हो गया था. जब सिया की मां पूजा गोयल का फोन आया कि केतन लोहगढ़ किले से गिर गया है, तो परिवार तुरंत मौके पर पहुंचा. वहां एक महिला पुलिस अधिकारी ने बताया कि केतन की सांसें चल रही हैं और उसे अस्पताल ले जाना होगा. यह बात सुनते ही सिया के हाव-भाव अचानक बदल गए और वह असहज हो गई, क्योंकि उसे उम्मीद नहीं थी कि केतन जिंदा बच जाएगा. जब केतन को खाई से बाहर निकाला गया, तो उसका मुंह कपड़े से बंधा था, लेकिन चेहरा पहचान के लिए खुला छोड़ दिया गया था. उस वक्त रोती हुई सिया का रोना परिवार को पूरी तरह बनावटी लग रहा था.

शक के मुख्य तीन वजह

केतन के परिवार का शक तीन मुख्य वजहों से और गहरा गया. पहली वजह थी सिया की ‘सवालों पर चुप्पी’ जब केतन की बहन ने पूछा कि वे दोनों किले के उस खतरनाक कोने तक कैसे पहुंचे, तो सिया ने कोई जवाब नहीं दिया. दूसरी वजह थी ‘बुआ का बीच में टोकना’ अगले दिन पूछताछ के दौरान जब परिवार ने पूछा कि केतन का कौन सा पैर फिसला था, तो सिया की बुआ उसे ‘तुम चलो, चलो…’ कहकर वहां से खींच ले गईं. तीसरी वजह ‘घर लौटते समय का व्यवहार’ था, सीसीटीवी फुटेज खंगालने पर पता चला कि घर लौटते समय सिया के चेहरे पर न तो कोई शिकन थी और न ही वह रो रही थी. इसके बाद परिवार ने सीधे पुलिस से संपर्क किया.

विग पहनने की आदत और हल्के तुतलेपन थी वजह

पुलिस कस्टडी में पूछताछ के दौरान आरोपी सिया गोयल (Siya Goyal) ने हत्या की जो वजह बताई, उसने सबको हैरान कर दिया. सिया का दावा था कि वह केतन के विग पहनने की आदत और उसकी आवाज में हल्के तुतलेपन के कारण उसे नापसंद करती थी, इसलिए उसने उसे रास्ते से हटाने की साजिश रची. हालांकि, केतन के पिता ने इस दावे को सिरे से खारिज करते हुए कहा कि रिश्ता तय होने से बहुत पहले ही सिया और उसके परिवार को साफ बता दिया गया था कि केतन विग पहनता है. असल में यह मामला पूरी तरह एक लव-ट्रैंगल का था, जिसमें सबूत मिटाने के लिए सिया और चेतन ने हत्या के पहले और बाद के सभी मोबाइल चैट्स डिलीट कर दिए थे और फोन का रीसायकल बिन भी खाली कर दिया था.

तीसरे प्रयास में केतन की हत्या करने में कामयाब (Pune Police Crime)

पूरी प्लानिंग के बावजूद सिया और चेतन कानून की नजरों से बच नहीं सके. पुलिस को जांच में तीन अहम सुराग मिले, जिसने केस का रुख मोड़ दिया. पहला सुराग सीसीटीवी फुटेज से मिला, जिसमें जून की भीषण गर्मी और चढ़ाई के बावजूद एक संदिग्ध लड़का हुडी पहनकर लगातार अपना चेहरा छिपाने की कोशिश कर रहा था. वह कोई और नहीं बल्कि चेतन चौधरी था जो केतन और सिया का पीछा कर रहा था. दूसरा बड़ा सुराग कॉल डिटेल्स से मिला, जिससे पता चला कि जनवरी से लेकर 18 जून की सुबह तक सिया ने चेतन को 2004 बार कॉल की थी और दोनों के बीच करीब 338 घंटे (औसतन 11 कॉल और 2 घंटे रोज) बात हुई थी.

यह पूरी साजिश कई दिनों से रची जा रही थी. केतन को ट्रैकिंग का शौक था और 31 मई को सिया के मन में पहली बार उसे खाई में धकेलने का विचार आया था. इसके बाद 5 जून को सिया ने दोबारा वहां जाने की जिद की, लेकिन परिवार के मना करने और 6 जून को बाली ट्रिप होने के कारण वह नहीं जा सकी (जिसके लिए सिया ने केतन का पासपोर्ट भी छुपा दिया था). आखिरकार 14 जून को सिया के कहने पर दोनों फिर किले पहुंचे. सिया ने केतन को पीछे से धक्का दिया, लेकिन किस्मत से वह एक पेड़ के सहारे अटक गया. जब केतन ने धक्का देने का कारण पूछा, तो सिया ने झूठ बोल दिया कि वहां सांप था और उसने उसे बचाने के लिए ऐसा किया था. आखिरकार 18 जून को वे अपने तीसरे प्रयास में केतन की हत्या करने में कामयाब रहे.

यह भी पढ़ें: UP Crime: बच्चों के मामूली झगड़े ने धारण किया भयावह रूप; आरोपी ने बच्चे को जबरन लगाई जानवरों की सुई, अस्पताल में तोड़ा दम

-भारत एक्सप्रेस 



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read