Bharat Express DD Free Dish
Uttar Pradesh Police Mission Shakti Digital
Uttar Pradesh Police Mission Shakti Digital

कीर्ति झा आजाद के बयान पर सियासी घमासान! मैथिली रामायण में क्या है सीता त्याग का प्रसंग?

टीएमसी सांसद कीर्ति झा आजाद के बयान पर सियासी बवाल मच गया है. जानिए कवि चंदा झा की ‘मैथिली रामायण’ में माता सीता के वनवास और त्याग को लेकर क्या लिखा गया है.

Kirti Jha Azad Controversy What Maithili Ramayana Says About Ram Sita

Kirti Azad Controversy: तृणमूल कांग्रेस (TMC) के सांसद कीर्ति झा आजाद के भगवान राम को लेकर दिए गए एक बयान ने देश की राजनीति में नया बवाल खड़ा कर दिया है. पश्चिम बंगाल के दुर्गापुर से सांसद आजाद ने कहा कि वे अयोध्या जाकर उस राम के दर्शन नहीं करेंगे, जिन्होंने मिथिला की बेटी माता सीता का त्याग किया था. उन्होंने तर्क दिया कि वनवास से लौटने और अग्निपरीक्षा देने के बावजूद सीता जी को राजभवन से निकाल दिया गया. इस बयान पर पलटवार करते हुए बीजेपी सांसद सुधांशु त्रिवेदी ने इसे करोड़ों लोगों की आस्था का अपमान बताया और कहा कि टीएमसी नेताओं को सनातन धर्म और रामायण की सही समझ नहीं है. इस राजनीतिक घमासान के बीच यह जानना दिलचस्प है कि आखिर मिथिलांचल की प्रसिद्ध ‘मैथिली रामायण’ में इस पूरे प्रसंग को किस तरह लिखा गया है.

चंदा झा की मैथिली रामायण में क्या है सीता त्याग का प्रसंग?

महान कवि चंदा झा द्वारा रचित ‘मैथिली रामायण’ के अनुसार, लंका विजय के बाद जब राम अयोध्या के राजा बने और सीता महारानी बनीं, तब गुप्तचरों ने राजा राम को सूचना दी कि प्रजा के बीच सीता की पवित्रता को लेकर तरह-तरह की बातें हो रही हैं. इस लोकभय के कारण राम ने भाई लक्ष्मण को आदेश दिया कि वे सीता को ऋषि आश्रम छोड़ आएं.

चंदा झा लिखते हैं कि उस समय माता सीता आठ महीने की गर्भवती थीं. जब लक्ष्मण ने उन्हें महर्षि वाल्मीकि के आश्रम के पास छोड़ा, तो सीता ने व्यथित होकर कहा था कि रघुपति महान राजा हैं, लेकिन उन्होंने यह उचित काम नहीं किया और उनकी पत्नी होने के बावजूद मुझे इस घने जंगल में दुख झेलना पड़ रहा है. खुद वाल्मीकि रामायण के उत्तरकाण्ड में भी राम महर्षि वाल्मीकि से यह स्वीकार करते हैं कि वे सीता को निष्पाप जानते थे, लेकिन केवल लोकभय के कारण उन्होंने यह कठिन फैसला लिया.

मिथिला की लोककथाओं में आज भी झलकता मां सीता का दर्द

कथा के अनुसार, कुछ वर्षों बाद जब सीता को वापस अयोध्या बुलाया गया और दोबारा अग्निपरीक्षा की बात उठी, तो उन्होंने धरती मां से अपनी गोद में समा लेने की प्रार्थना की और धरती फटने पर वे उसमें समा गईं.

मिथिलांचल में माता सीता को अपनी बेटी माना जाता है, इसलिए वहां के लोकगीतों और परंपराओं में आज भी उनकी पीड़ा महसूस की जाती है. यही वजह है कि मिथिला में आज भी कई परिवार अपनी बेटियों का नाम ‘सीता’ रखने से कतराते हैं, ताकि उनकी बेटी को सीता जैसा दुख न झेलना पड़े. वहां की एक मशहूर कहावत भी है— “सीता जनम वियोगे गेल, दुख छोड़ि सुख कहियौ नहि भेल”, जिसका अर्थ है कि सीता का जीवन जन्म से ही वियोग और दुखों में बीता.

यह भी पढ़ें:  UP Election Strategy: बीजेपी का बड़ा फैसला, इन दिग्गज मंत्रियों और MLC को चुनावी मैदान में उतारने की तैयारी

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read


Uttar Pradesh Police Mission Shakti Digital