Bharat Express DD Free Dish

कोलकाता में मेसी की 70 फीट ऊंची मूर्ति हिली, इलाके में मची अफरा-तफरी; बाद में रस्सी से बांधकर की गई मरम्मत

कोलकाता में लियोनेल मेसी की विशाल प्रतिमा हवा में हिलने लगी, जिससे इलाके में दहशत फैल गई. बाद में जांच में स्क्रू ढीले पाए गए और मरम्मत कर स्थिति सामान्य की गई.

Lionel Messi, Kolkata News

Lionel Messi Statue: कोलकाता के लेकटाउन इलाके में सोमवार दोपहर उस वक्त हलचल मच गई जब फुटबॉल के दिग्गज खिलाड़ी लियोनेल मेसी की विशाल प्रतिमा अचानक हिलती हुई दिखाई दी. VIP रोड के पास अंडरपास के ऊपर बनी करीब 70 फीट ऊंची इस मूर्ति को हल्की हवा में डोलता देख राहगीर और स्थानीय लोग घबरा गए और तुरंत पुलिस को इसकी जानकारी दी.

मूर्ति को हिलता देख आसपास मौजूद लोगों में चिंता फैल गई. कुछ ही देर में लेकटाउन थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया. इसके बाद लोक निर्माण विभाग (PWD) को भी सूचना दी गई, ताकि तकनीकी जांच की जा सके.

जांच में सामने आई असली वजह

जांच के दौरान पता चला कि मूर्ति के मुख्य ढांचे को पकड़ने वाले कुछ स्क्रू ढीले हो गए थे. इसी वजह से तेज हवा चलने पर संरचना हल्की-सी हिलने लगी. अधिकारियों के मुताबिक, किसी तरह का बड़ा नुकसान नहीं हुआ, लेकिन सुरक्षा को देखते हुए तुरंत मरम्मत जरूरी थी.

इसके बाद PWD की टीम ने मौके पर पहुंचकर स्क्रू को दोबारा कस दिया और पूरी संरचना को मजबूत किया. मरम्मत के बाद मूर्ति को सुरक्षित कर दिया गया और स्थिति सामान्य हो गई.

ये भी पढ़ें- CM की कुर्सी जाते ही विजयन पर काल बन टूटी ED! सुबह-सुबह घर पहुंच गए अधिकारी, ताबड़तोड़ छापों के क्या हैं मायने?

पहले भी चर्चा में रही है यह प्रतिमा

गौरतलब है कि यह विशाल मेसी प्रतिमा पिछले साल दिसंबर में उस समय स्थापित की गई थी, जब अर्जेंटीना के विश्वविजेता कप्तान लियोनेल मेसी खुद कोलकाता पहुंचे थे. खास बात यह रही कि मेसी ने ही रिमोट दबाकर इस प्रतिमा का अनावरण किया था, जिसे लेकर उस समय काफी उत्साह देखा गया था.

हालांकि, यह प्रतिमा पहले भी विवादों में रह चुकी है. इसके निर्माण को लेकर कलकत्ता हाई कोर्ट में याचिका दायर की गई थी, जिसमें यह सवाल उठाया गया था कि क्या इसे सरकारी जमीन पर बनाया गया है. साथ ही इसके निर्माण से जुड़े प्रशासनिक पहलुओं पर भी चर्चा हुई थी.

Also Follow Bharat Express on Youtube

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read