Bharat Express DD Free Dish

लखीसराय मंदिर हादसे में प्रधानमंत्री मोदी ने जताया दुख, मृतकों के परिजनों को 2 लाख, घायलों को 50 हजार रुपए का मुआवजा

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोमवार को बिहार के लखीसराय में हुई दुर्भाग्यपूर्ण घटना में मारे गए प्रत्येक व्यक्ति के परिजनों के लिए प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष (पीएमएनआरएफ) से 2 लाख रुपए की आर्थिक सहायता देने का ऐलान किया है.

बिहार के लखीसराय स्थित अशोक धाम मंदिर में सावन के तीसरे सोमवार को हुए दर्दनाक हादसे के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मृतकों के परिवारों और घायलों के लिए आर्थिक सहायता का ऐलान किया है. प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष (PMNRF) से भगदड़ में जान गंवाने वाले प्रत्येक व्यक्ति के परिजन को 2 लाख रुपये की अनुग्रह राशि दी जाएगी. वहीं, हादसे में घायल हुए लोगों को 50 हजार रुपये की आर्थिक मदद मिलेगी.

प्रधानमंत्री कार्यालय (PMO) ने सोमवार को सोशल मीडिया के जरिए इस फैसले की जानकारी दी. पीएमओ की ओर से बताया गया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने घटना में मारे गए लोगों के परिजनों को प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष से सहायता देने की मंजूरी दी है. इसके साथ ही घायलों को भी आर्थिक मदद उपलब्ध कराई जाएगी.

मंदिर में उमड़ी थी बड़ी संख्या में भीड़

अशोक धाम मंदिर में सावन के पवित्र महीने का तीसरा सोमवार होने के कारण सुबह से ही बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंच रहे थे. लोग भगवान शिव की पूजा-अर्चना और जलाभिषेक के लिए मंदिर परिसर में जमा हुए थे. इसी दौरान अचानक भगदड़ मच गई. देखते ही देखते मंदिर परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया और लोगों को संभलने का मौका तक नहीं मिला.

इस हादसे में कम से कम सात श्रद्धालुओं की मौत हो गई, जबकि करीब एक दर्जन लोग घायल बताए गए हैं. घटना की खबर फैलते ही प्रशासन और स्थानीय स्तर पर राहत-बचाव का काम शुरू किया गया. घायलों को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया.

पीएम मोदी ने जताया दुख

हादसे पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी गहरा दुख जताया. उन्होंने कहा कि लखीसराय में भगदड़ के कारण हुई जानमाल की क्षति से वह बेहद दुखी हैं. प्रधानमंत्री ने मृतकों के परिवारों के प्रति संवेदना जताते हुए घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना की. उन्होंने यह भी कहा कि स्थानीय प्रशासन प्रभावित लोगों की मदद में जुटा हुआ है.

पीएम मोदी की ओर से आर्थिक सहायता की घोषणा ऐसे समय में हुई है, जब हादसे से प्रभावित परिवारों के सामने अचानक कई मुश्किलें खड़ी हो गई हैं. सरकार की ओर से दी जाने वाली यह मदद उन्हें तत्काल जरूरतों को पूरा करने में कुछ राहत दे सकती है.

नीतीश कुमार ने भी जताया शोक

बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री और जनता दल (यूनाइटेड) के राष्ट्रीय अध्यक्ष नीतीश कुमार ने भी लखीसराय के अशोक धाम मंदिर में हुई भगदड़ पर दुख जताया. उन्होंने इस घटना को बेहद दुखद और हृदयविदारक बताया. नीतीश कुमार ने हादसे में जान गंवाने वाले श्रद्धालुओं के परिवारों के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त की. उन्होंने कहा कि इस मुश्किल समय में ईश्वर दिवंगत आत्माओं को शांति दें और शोक में डूबे परिवारों को इस दुख को सहने की ताकत दें.

उन्होंने घायलों के जल्द स्वस्थ होने की भी कामना की. साथ ही उम्मीद जताई कि राज्य सरकार और प्रशासन घायलों के इलाज में किसी तरह की कमी नहीं होने देंगे और हादसे से प्रभावित परिवारों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराई जाएगी.

यह भी पढ़ें- नितिन नवीन की नई टीम में यूपी का डंका, उपाध्यक्ष से लेकर मोर्चा तक प्रदेश के चेहरे, विधानसभा चुनाव पर नजर?

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read