Bharat Express DD Free Dish
Chhath Puja 2026
Chhath Puja 2026

कहीं अपहरण तो कहीं जबरन धर्म परिवर्तन, पाकिस्तान में हिंदू महिलाओं का कट्टरपंथी कर रहे शोषण, रिपोर्ट

Hindu Girls Pakistan Abduction: पाकिस्तान में अल्पसंख्यक लड़कियों और महिलाओं की सुरक्षा पर गंभीर सवाल उठे हैं. VOPM की रिपोर्ट के मुताबिक, 2026 के शुरुआती 10 महीनों में 84 लड़कियों और महिलाओं के अपहरण, जबरन धर्म परिवर्तन और शादी के मामले सामने आए.

pakistan-minorities-girls-abduction-forced-conversion

पाकिस्तान में हिंदू महिलाओं का कट्टरपंथी कर रहे शोषण

Hindu Girls Abduction Pakistan : पाकिस्तान में अल्पसंख्यकों की हालत बदतर हो चुकी है. वहां हिंदू और ईसाई समुदाय की लड़कियों और महिलाओं के अपहरण, जबरन धर्म परिवर्तन और शादी के मामले लगातार सामने आ रहे हैं. ताजा रिपोर्ट के मुताबिक साल 2026 में अबतक कम से कम 84 अल्पसंख्यक लड़कियों और महिलाओं को अगवा किया गया. इनमें से कईयों का जबरन धर्म परिवर्तन कराया गया और फिर उनकी शादी कर दी गई.

यह आंकड़ा पाकिस्तान में अल्पसंख्यक समुदायों की सुरक्षा को लेकर चिंता पैदा करने वाली है. Voice of Pakistan Minority (VOPM) की रिपोर्ट के मुताबिक, इन 84 मामलों में 49 ईसाई और 35 हिंदू समुदाय की लड़कियां और महिलाएं शामिल हैं. सबसे ज्यादा चिंता की बात यह है कि अगवा की गई 43 लड़कियां नाबालिग थीं. इनमें छह लड़कियों की उम्र 14 साल से भी कम थी.

पंजाब और सिंध में सबसे ज्यादा मामले

रिपोर्ट के मुताबिक पाकिस्तान के पंजाब प्रांत में ऐसे सबसे ज्यादा 47 मामले सामने आए. इनमें से 18 मामले अकेले लाहौर के हैं. वहीं सिंध प्रांत में 36 और बलूचिस्तान में एक मामला दर्ज किया गया.

ये आंकड़े बताते हैं कि अल्पसंख्यक समुदायों की लड़कियों की सुरक्षा का सवाल कितना गंभीर है. खासकर तब, जब नाबालिग लड़कियों के अपहरण और जबरन शादी के आरोप सामने आ रहे हों.

पांच साल में 515 मामले

VOPM के मुताबिक, साल 2021 से 2025 के बीच भी अल्पसंख्यक लड़कियों और महिलाओं के अपहरण, धर्म परिवर्तन और शादी से जुड़े 515 मामले दर्ज किए गए थे. मानवाधिकार कार्यकर्ताओं का कहना है कि असल संख्या इससे कहीं ज्यादा हो सकती है.

इसके पीछे एक बड़ी वजह यह भी बताई गई है कि कई परिवार डर के कारण पुलिस तक नहीं पहुंचते. उन्हें आशंका रहती है कि शिकायत करने पर उन्हें और परेशान किया जा सकता है. कुछ परिवारों को यह भरोसा भी नहीं होता कि पुलिस और प्रशासन उनकी बेटियों को सुरक्षित वापस लाने के लिए कोई ठोस कदम उठाएंगे.

पुलिस और अदालतों की भूमिका पर भी सवाल

रिपोर्ट में पुलिस और अदालतों की धीमी कार्रवाई पर भी सवाल उठाए गए हैं. मानवाधिकार कार्यकर्ताओं का कहना है कि ऐसे मामलों में जल्द और निष्पक्ष जांच होनी चाहिए. खासकर नाबालिग लड़कियों के धर्म परिवर्तन और शादी के मामलों में उनकी उम्र और सहमति को गंभीरता से देखा जाना चाहिए.

VOPM ने पाकिस्तान सरकार से मांग की है कि अपहरण और जबरन धर्म परिवर्तन के मामलों में आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की जाए. साथ ही बच्चों की सुरक्षा के लिए ऐसे कानून बनाए जाएं, जिनसे नाबालिगों को जबरन शादी और धर्म परिवर्तन से बचाया जा सके.

ये भी पढ़ें- अर्थव्यवस्था के आंकड़ों पर ट्रंप का बड़ा दावा, रूस-यूक्रेन युद्ध को लेकर भी कही अहम बात

पाकिस्तान में अल्पसंख्यकों की सुरक्षा को लेकर सवाल पहले भी उठते रहे हैं. लेकिन जब एक रिपोर्ट में सिर्फ 10 महीनों के भीतर 84 लड़कियों और महिलाओं के साथ ऐसी घटनाओं का दावा किया जाता है, तो यह साफ है कि वहां अल्पसंख्यक परिवारों के सामने सुरक्षा की बड़ी चुनौती है. सबसे बड़ा सवाल यही है कि जिन परिवारों को अपनी बेटियों की सुरक्षा का भरोसा तक नहीं है, उन्हें इंसाफ और संरक्षण कौन देगा?

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read

UP Tourism