Bharat Express DD Free Dish

लालू यादव की तबीयत में नहीं हुआ सुधार, पटना के पारस अस्पताल से Delhi AIIMS में भर्ती कराए गए

राष्ट्रीय जनता दल (RJD) सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव को दिल्ली एम्स में भर्ती कराया गया है. ब्लड शुगर लेवल बढ़ने के कारण पहले उनका इलाज पटना में हुआ, लेकिन स्थिति स्थिर न होने पर उन्हें दिल्ली रेफर किया गया.

LALU YADAV

Lalu Yadav Health Update: राष्ट्रीय जनता दल (RJD) सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव को बुधवार देर रात दिल्ली के अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (AIIMS) में भर्ती कराया गया है. उनकी तबीयत बिगड़ने के बाद पहले पटना के पारस अस्पताल में इलाज हुआ, लेकिन सुधार न होने पर उन्हें दिल्ली एम्स रेफर कर दिया गया.

जानकारी के अनुसार, लालू यादव का ब्लड शुगर लेवल बढ़ गया था, जो रूटीन चेकअप के दौरान सामने आया. इसके बाद उन्हें तुरंत पटना के पारस अस्पताल ले जाया गया. वहां इलाज के बाद उनकी स्थिति में कुछ सुधार देखा गया, लेकिन बेहतर देखभाल के लिए उन्हें दिल्ली एम्स भेजा गया.

डॉ. राकेश यादव की निगरानी में लालू यादव उपचार जारी

दिल्ली एम्स में लालू यादव का इलाज कार्डियोथोरेसिक और न्यूरोसाइंसेस सेंटर में हो रहा है, जहां डॉक्टर राकेश यादव की निगरानी में उनका उपचार जारी है. बताया जा रहा है कि उन्हें पीठ में गंभीर सूजन और अन्य स्वास्थ्य समस्याएं थीं, जिसके कारण उन्हें तत्काल दिल्ली लाया गया.

एम्स के डॉक्टरों के अनुसार, फिलहाल उनकी हालत स्थिर है, लेकिन वे अभी कुछ दिन अस्पताल में भर्ती रहेंगे. डॉक्टर उनकी सेहत पर लगातार नजर बनाए हुए हैं.

लालू यादव के साथ उनकी पत्नी राबड़ी देवी, आरजेडी नेता संजय यादव, मनोज झा, प्रेम चंद गुप्ता, जय प्रकाश नारायण यादव, और भोला यादव समेत कई नेता एम्स में मौजूद हैं.

इससे पहले, पारस अस्पताल के पल्मोनरी मेडिसिन विभाग के प्रमुख डॉ. प्रकाश सिन्हा ने बताया था कि लालू यादव को बुखार भी था और उन्हें आवश्यक दवाएं दी गई थीं. अस्पताल लाए जाने के समय उनकी तबीयत कमजोर थी, लेकिन इलाज का असर धीरे-धीरे दिखने लगा.


ये भी पढ़ें: “पिछड़े और हाशिए पर गए मुस्लिमों को मुख्यधारा में लाएगा ये बिल”, जानें लोकसभा में Waqf Bill पारित होने पर क्या बोले नेता


-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read