अयोध्या कैंट में तेंदुए की दहशत
UP News: अयोध्या के आर्मी छावनी इलाके में तेंदुआ दिखाई देने से लोगों में डर का माहौल बना हुआ है. इस बारे में जानकारी देते हुए डीएफओ प्रखर गुप्ता ने बताया कि करीब पंद्रह दिन पहले उन्हें छावनी क्षेत्र में तेंदुए के घूमने की खबर मिली थी. शुरू में कई सूचनाएं अफवाह निकलीं, लेकिन जब टीम ने सरयू नदी के किनारे वाले हिस्से में तलाशी ली तो वहां तेंदुए के पैरों के साफ निशान मिले. इससे यह पक्का हो गया कि जंगल में तेंदुआ मौजूद है.
जंगल में लगाए गए पिंजरे
डीएफओ ने बताया कि वन विभाग ने इस मामले को गंभीरता से लिया है. तेंदुए को पकड़ने के लिए 12-12 घंटे की शिफ्ट में अफसरों और कर्मचारियों की टीम लगाई गई है. जहां-जहां तेंदुए के दिखने की संभावना ज्यादा है, उन घने जंगलों में पिंजरे लगा दिए गए हैं और पूरे इलाके में चौबीस घंटे नजर रखी जा रही है.
सीसीटीवी में कैद हुई तस्वीर
तीन दिन पहले आर्मी के सीसीटीवी कैमरे में तेंदुआ कैद हो गया. यह वीडियो सरयू निवास और ईटीआर रेंज के घने जंगल का है. इसी इलाके में तेंदुए ने एक बेसहारा गोवंश के बछड़े को अपना शिकार भी बनाया था. घटना के बाद वन विभाग ने उस जगह पर भी पिंजरा लगा दिया है ताकि उसे जल्द से जल्द सुरक्षित पकड़ा जा सके.
हर साल मानसून में आता है तेंदुआ
प्रखर गुप्ता ने बताया कि यह कोई नई बात नहीं है, हर साल मानसून में ऐसा होता है. जब सरयू नदी का पानी बढ़ जाता है तो गोंडा के जंगलों में रहने वाले तेंदुए पानी के बहाव के साथ बहकर छावनी क्षेत्र में आ जाते हैं और यहीं फंस जाते हैं. नदी में जलस्तर ज्यादा होने की वजह से वे वापस अपने इलाके गोंडा नहीं जा पाते. विभाग की कोशिश है कि उसे सुरक्षित तरीके से पकड़ लिया जाए, या फिर पानी कम होने पर वह खुद ही अपने जंगल की तरफ लौट जाए.
आर्मी के साथ मिलकर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम
सुरक्षा को लेकर वन विभाग लगातार आर्मी के एडम कमांडेंट और ब्रिगेडियर के संपर्क में है. छावनी इलाके में प्री-प्राइमरी और मीडियम क्लास के स्कूल भी हैं, इसलिए वहां खास एहतियात बरती जा रही है. आर्मी के जवानों और वन विभाग के कर्मचारियों की संख्या बढ़ा दी गई है, ताकि दिन के समय स्कूल के आसपास कोई भी बच्चा अकेला न रहे.
ये भी पढ़ें-चुनाव से पहले पंजाब कांग्रेस में खेला! अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग ने क्यों बदला सोशल मीडिया बायो?
लोगों से की गई ये खास अपील
वन विभाग ने लोगों से अपील की है कि सूरज ढलने के बाद अकेले बाहर न निकलें. जो लोग सुबह-शाम सैर पर जाते हैं, वे उजाले में ही वॉक करें और अकेले जाने के बजाय ग्रुप में रहें. कुछ दिन तक शाम की सैर को टालने की भी सलाह दी गई है. इसके साथ ही जंगल और झाड़ियों की सफाई करवाई जा रही है, क्योंकि तेंदुआ बहुत शर्मीला जानवर होता है और छुपकर रहता है. सफाई होने से वह झाड़ियों में छिप नहीं पाएगा और आसानी से नजर आ जाएगा.
Also Follow Bharat Express on Youtube
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.


