Urdu Conclave 2026

रानी दुर्गावती को देश का नमन, अमित शाह बोले- नारी शक्ति और स्वाभिमान की अमर प्रतीक

गोंडवाना साम्राज्य की वीरांगना रानी दुर्गावती के बलिदान दिवस पर अमित शाह समेत कई केंद्रीय मंत्रियों और नेताओं ने श्रद्धांजलि अर्पित की. नेताओं ने उनके साहस, त्याग, राष्ट्रभक्ति और नारी शक्ति के प्रेरणादायक जीवन को याद किया.

गोंडवाना साम्राज्य की वीरांगना महारानी दुर्गावती के बलिदान दिवस पर केंद्रीय गृह मंत्री, केंद्रीय मंत्रियों और भाजपा नेताओं ने उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की. नेताओं ने उनके साहस, त्याग और मातृभूमि की रक्षा के लिए किए गए संघर्ष को याद करते हुए उन्हें प्रेरणास्रोत बताया.

अमित शाह ने बताया नारी शक्ति की प्रतीक

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर महारानी दुर्गावती को याद करते हुए कहा कि उन्होंने स्वराज्य और भारतीय संस्कृति की रक्षा के लिए मुगल आक्रमणकारियों का डटकर मुकाबला किया. उन्होंने लिखा, “न्यायप्रिय शासिका और नारी शक्ति की प्रतीक, गोंडवाना साम्राज्य की महारानी दुर्गावती जी ने स्वराज्य और स्वसंस्कृति की रक्षा के लिए मुगल आक्रांताओं के विरुद्ध वीरतापूर्वक संघर्ष करते हुए अपने प्राणों का बलिदान दिया. शासन को जनकेंद्रित बनाकर समाज हित में अनेक मंदिरों, धर्मशालाओं और तालाबों का निर्माण कराने वालीं रानी दुर्गावती जी सुशासन और सेवा की अमर प्रेरणा हैं. रानी दुर्गावती जी के बलिदान दिवस पर उन्हें सादर नमन.”

शिक्षा मंत्री ने वीरता को किया नमन

केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने कहा कि महारानी दुर्गावती का जीवन त्याग, स्वाभिमान और देशभक्ति का अद्भुत उदाहरण है. उन्होंने कहा कि मातृभूमि की रक्षा के लिए दिया गया उनका बलिदान भारतीय इतिहास का गौरवशाली अध्याय है, जो आने वाली पीढ़ियों को प्रेरित करता रहेगा.

शिवराज सिंह चौहान ने याद किया शौर्य

केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने महारानी दुर्गावती के साहस और संघर्ष को नमन किया. उन्होंने कहा कि देश की मिट्टी उनके शौर्य और बलिदान की गाथा से गौरवान्वित है. चौहान ने विश्वास जताया कि उनका जीवन युवाओं को राष्ट्रसेवा और सम्मान की रक्षा के लिए सदैव प्रेरित करता रहेगा.


ये भी पढ़ें: पद्म सम्मान विजेताओं के लिए गृह मंत्री अमित शाह का विशेष डिनर, 65 हस्तियों को दी बधाई


अन्य नेताओं ने भी दी श्रद्धांजलि

केंद्रीय राज्य मंत्री अनुप्रिया पटेल ने कहा कि महारानी दुर्गावती का आत्मसम्मान, पराक्रम और राष्ट्ररक्षा के लिए दिया गया सर्वोच्च बलिदान इतिहास में हमेशा याद रखा जाएगा. वहीं भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन ने कहा कि कठिन परिस्थितियों में भी उन्होंने अदम्य साहस का परिचय दिया और विदेशी आक्रमणकारियों के सामने झुकने के बजाय वीरगति को चुना. उन्होंने कहा कि महारानी दुर्गावती का जीवन राष्ट्रभक्ति, नेतृत्व और स्वाभिमान का अनुपम उदाहरण है.

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read