महाराष्ट्र आतंकवाद निरोधक दस्ते (ATS) ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए ठाणे निवासी 27 वर्षीय रविंद्र मुरलीधर वर्मा को गिरफ्तार किया है. उस पर आरोप है कि उसने संवेदनशील जानकारी पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी को साझा की. जांच में खुलासा हुआ है कि वर्मा को सोशल मीडिया पर हनीट्रैप के जरिए फंसाया गया था.
वर्मा जूनियर इंजीनियर के रूप में था कार्यरत
ATS के मुताबिक, वर्मा एक निजी कंपनी में जूनियर इंजीनियर के रूप में कार्यरत था, जो रक्षा तकनीक से जुड़ी परियोजनाओं पर काम करती है. इस कंपनी में काम करने के चलते उसे दक्षिण मुंबई स्थित नेवल डॉकयार्ड (नौसैनिक गोदी) में प्रवेश की अनुमति थी. वह नियमित रूप से नौसैनिक जहाजों पर काम करता था और इस दौरान उसे कई संवेदनशील जानकारियों तक पहुंच मिली.
पाक एजेंट ने सोशल मीडिया पर हनीट्रैप में फंसाया
आरोप है कि वर्मा सोशल मीडिया पर पाकिस्तानी खुफिया एजेंट के संपर्क में आया, जिसने खुद को एक महिला बताकर उससे बातचीत शुरू की और हनीट्रैप के जरिए उससे गोपनीय सूचनाएं हासिल कीं.
ATS ने देशद्रोह और Official Secrets Act के तहत दर्ज किया मामला
ATS ने वर्मा के खिलाफ देशद्रोह और ऑफिशियल सीक्रेट्स एक्ट (Official Secrets Act) के तहत मामला दर्ज किया है. फिलहाल उससे पूछताछ जारी है और एजेंसी यह जानने की कोशिश कर रही है कि कितनी जानकारी दुश्मन देश तक पहुंच चुकी है और इस नेटवर्क में और कौन-कौन शामिल हो सकता है.
खुफिया एजेंसियां अब इस दिशा में कर रही कड़ी जांच
यह मामला देश की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर गंभीर चिंता का विषय बन गया है. ATS और खुफिया एजेंसियां अब इस दिशा में सतर्कता और कड़ी जांच कर रही हैं.
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.




