Uddhav Thackeray meeting: महाराष्ट्र की राजनीति में एक बार फिर से हलचल तेज हो गई है. ‘ऑपरेशन टाइगर’ की चर्चाओं के बीच शिवसेना (UBT) प्रमुख उद्धव ठाकरे ने रविवार, 14 जून को पार्टी के सभी सांसदों की बैठक बुलाई. यह बैठक मुंबई में ठाकरे परिवार के निवास मातोश्री पर आयोजित की गई.
ऑनलाइन और ऑफलाइन मौजूदगी
सूत्रों के मुताबिक यवतमाल‑वाशिम से सांसद संजय देशमुख और हिंगोली से सांसद नागेश पाटिल अष्टिकर ने बैठक को ऑनलाइन ज्वाइन किया. वहीं सांसद ओमराजे निंबालकर अपने बेटे की तबीयत खराब होने के कारण प्रत्यक्ष रूप से शामिल नहीं हो पाए. उनका बेटा पुणे के एक अस्पताल में भर्ती है.
बैठक में पहुंचे नेता
बैठक में दक्षिण मुंबई से सांसद अरविंद सावंत, नासिक से सांसद राजभाऊ वाजे, मुंबई दक्षिण मध्य से सांसद अनिल देसाई और मुंबई उत्तर‑पूर्व से सांसद संजय दिना पाटिल मौजूद रहे. कुछ सांसद मातोश्री पहुंचे तो कुछ ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए हिस्सा लिया.
अनुपस्थित सांसदों पर सवाल
शिर्डी से सांसद भाऊसाहेब वाकचौरे और परभणी से सांसद संजय जाधव की मौजूदगी को लेकर अभी तक कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई. बताया जा रहा है कि वाकचौरे का फोन सुबह से बंद है और वे परिवार के साथ बाहर गए हुए हैं. वहीं निंबालकर ने पहले ही अपने बेटे की बीमारी की वजह से बैठक में न आने की सूचना दे दी थी.
दल बदल की अटकलें
पिछले कुछ दिनों से यह चर्चा है कि शिवसेना (UBT) के कई सांसद उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के संपर्क में हैं. कहा जा रहा है कि ‘ऑपरेशन टाइगर’ के तहत कुछ सांसद शिंदे गुट में शामिल हो सकते हैं. इसी संभावना को देखते हुए उद्धव ठाकरे ने यह बैठक बुलाई है. राजनीतिक हलकों में इसे बेहद अहम माना जा रहा है.
लोकसभा चुनाव के बाद हालात
लोकसभा चुनाव में उद्धव ठाकरे के नेतृत्व वाली शिवसेना (UBT) के 9 सांसद जीते थे. शिंदे गुट लगातार दावा कर रहा है कि इनमें से करीब 7 सांसद उनके संपर्क में हैं और जल्द ही पाला बदल सकते हैं. यही वजह है कि उद्धव अपने सांसदों को एकजुट रखने की कोशिश कर रहे हैं.
संजय राउत का बयान
शिवसेना सांसद संजय राउत ने बैठक के बाद कहा कि सभी 9 सांसदों ने बैठक में हिस्सा लिया. जो लोग मातोश्री नहीं आ पाए, उन्होंने ऑनलाइन जुड़कर भाग लिया. उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी सांसद ने पाला नहीं बदला है और सभी उद्धव गुट के साथ हैं. राउत ने कहा कि हम ऑपरेशन वुल्फ करेंगे, कोई ऑपरेशन टाइगर हमारे ऊपर नहीं हुआ है.
फडणवीस की प्रतिक्रिया
महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने इस बैठक पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि उन्हें नहीं पता कि कौन शामिल हुआ और कौन नहीं. उन्होंने पत्रकारों से बातचीत में कहा कि बैठक खत्म होने के बाद ही साफ होगा कि वहां कौन‑कौन मौजूद था.
Also Follow Bharat Express on Youtube
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.


