Maharashtra Road Accident: महाराष्ट्र के ठाणे जिले से सोमवार की सुबह एक ऐसी खबर आई जिसने हर किसी का दिल दहला दिया. कल्याण-मुरबाड मार्ग पर एक भीषण सड़क हादसे में 11 लोगों की जान चली गई है. यह हादसा इतना भयानक था कि मौके पर मौजूद लोगों की रूह कांप गई. एक तेज रफ्तार सीमेंट मिक्सर और यात्रियों से भरी टैक्सी (वैन) के बीच हुई इस सीधी भिड़ंत ने कई हंसते-खेलते परिवारों को उजाड़ दिया है.
मुरबाड के पास मौत की टक्कर
हादसा सोमवार सुबह करीब 10:45 बजे हुआ, जब लोग अपने रोजमर्रा के कामों के लिए निकले थे. मुरबाड के गोविली गांव के पास रायते पुल पर एक वैन कल्याण से मुरबाड की ओर जा रही थी. तभी सामने से आ रहे एक अनियंत्रित और तेज रफ्तार सीमेंट मिक्सर ने वैन को इतनी जोरदार टक्कर मारी कि गाड़ी के परखच्चे उड़ गए. टक्कर का शोर इतना तेज था कि आसपास के लोग दौड़ते हुए मौके पर पहुंचे.
मंजर इतना खौफनाक था कि 9 लोगों ने तो मौके पर ही दम तोड़ दिया. वहीं, घायलों को जब अस्पताल ले जाया जा रहा था, तब दो और लोगों की मौत हो गई. समाचार एजेंसी पीटीआई के मुताबिक, अब तक कुल 11 लोगों की इस हादसे में मौत हो चुकी है, जबकि 2 लोग गंभीर रूप से घायल हैं.
अपनों की पहचान और राहत कार्य जारी
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीमें एंबुलेंस लेकर मौके पर पहुंचीं. गाड़ियों की हालत इतनी खराब थी कि गैस कटर की मदद से वाहन को काटकर शवों और घायलों को बाहर निकालना पड़ा. घायलों को तुरंत उल्हासनगर के सेंट्रल अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी हालत नाजुक बनी हुई है.
मुरबाड के तहसीलदार अभिजीत देशमुख ने बताया कि मृतकों में 8 पुरुष और 3 महिलाएं शामिल हैं. पुलिस के लिए सबसे बड़ी चुनौती मृतकों की पहचान करना है. अब तक 6 लोगों की पहचान हो पाई है, जबकि बाकी के परिजनों का पता लगाया जा रहा है.
ये भी पढ़ें- ‘चोरी पकड़ी गई तो चला दी गोली!’… बेगूसराय में दुकानदार पर सरेआम कट्टा तानने का खौफनाक VIDEO वायरल
जाम से जूझता रहा हाईवे
इस हादसे के बाद कल्याण से अहिल्यानगर जाने वाले रास्ते पर कई घंटों तक ट्रैफिक जाम लगा रहा. रायते पुल पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं. पुलिस ने क्रेन बुलाकर दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को रास्ते से हटाया, जिसके बाद दोपहर तक यातायात फिर से सुचारू हो सका.
Also Follow Bharat Express on Youtube
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

