Maharashtra Zila Parishad Election Result: महाराष्ट्र में हाल ही में हुए निकाय चुनावों के बाद जिला परिषद और पंचायत समिति चुनाव के नतीजे भी सामने आ गए हैं. 731 जिला परिषद सीटों में से अब तक 666 सीटों के रुझान घोषित हो चुके हैं. निकाय चुनाव में सबसे बड़ी पार्टी बनने के बाद अब भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने जिला परिषद और पंचायत समिति चुनावों में भी नंबर वन पार्टी बनकर अपनी बढ़त कायम रखी है. BJP जिला परिषद में 233 सीटों और पंचायत समिति चुनाव में 48 सीटों पर आगे चल रही है.
चुनाव के नतीजे (Maharashtra ZP Election Results)
महाराष्ट्र जिला परिषद और पंचायत समिति, दोनों चुनावों में BJP ने शानदार प्रदर्शन किया है. जिला परिषद के रुझानों में BJP 233 सीटों पर आगे है, जबकि पंचायत समिति चुनाव में पार्टी 48 सीटों पर बढ़त बनाए हुए है. वहीं BJP की सहयोगी पार्टी सुनेत्रा पवार गुट वाली राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (NCP) ने भी अच्छा प्रदर्शन किया है. NCP को जिला परिषद सदस्य चुनाव में 153 सीटों पर बढ़त मिली है, जबकि पंचायत समिति चुनाव में पार्टी 23 सीटों पर आगे चल रही है.
रुझानों में एकनाथ शिंदे गुट वाली शिवसेना, NCP के बाद तीसरे स्थान पर बनी हुई है. जिला परिषद चुनाव में शिवसेना 138 सीटों पर आगे है, जबकि पंचायत समिति चुनाव में पार्टी 26 सीटों पर बढ़त बनाए हुए है.
विपक्षी दलों का खराब प्रदर्शन
महाराष्ट्र जिला परिषद और पंचायत समिति चुनावों में विपक्षी दल महाविकास अघाड़ी का प्रदर्शन कमजोर रहा है. कांग्रेस, उद्धव ठाकरे गुट और शरद पवार गुट वाली NCP क्रमशः चौथे, पांचवें और छठे स्थान पर हैं. रुझानों में कांग्रेस 46, उद्धव ठाकरे गुट 38 और NCP (शरद पवार) 19 सीटों पर आगे चल रही है.
731 सीटों के लिए 2,624 उम्मीदवार
जिला परिषद और पंचायत समिति चुनाव के लिए शनिवार (7 फरवरी) को मतदान हुआ था. सुबह से ही मतदान केंद्रों पर लंबी कतारें देखने को मिलीं. महिलाओं, बुजुर्गों और युवाओं की बड़ी भागीदारी ने लोकतंत्र की मजबूती का संदेश दिया. महानगरपालिका चुनावों में घटते मतदान प्रतिशत को लेकर जताई जा रही चिंताओं के बीच ग्रामीण इलाकों में दिखी यह भागीदारी लोकतंत्र के लिए सकारात्मक संकेत मानी जा रही है. इस चुनाव में जिला परिषद की 731 सीटों के लिए कुल 2,624 उम्मीदवार मैदान में थे. आज इन उम्मीदवारों की किस्मत का फैसला सामने आया है.
ये भी पढ़ें: भतीजे अजित पवार की तेरहवीं के बीच शरद पवार की तबीयत बिगड़ी, पुणे के अस्पताल में भर्ती
महाराष्ट्र BJP अध्यक्ष ने क्या कहा?
महाराष्ट्र BJP अध्यक्ष रविंद्र चव्हाण ने जिला परिषद चुनाव में पार्टी की जीत पर जनता का आभार जताया है. उन्होंने कहा, “यह चुनावी नतीजा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व और मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के अथक प्रयासों को दर्शाता है.” उन्होंने दावा किया कि जनता का भरोसा BJP के साथ है.
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.
