Urdu Conclave 2026

महात्मा गांधी की 78वीं पुण्यतिथि पर राजघाट पहुंचीं राष्ट्रपति, पीएम मोदी समेत अन्य बीजेपी नेताओं ने बापू को दी भावभीनी श्रद्धांजलि

आज राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की 78वीं पुण्यतिथि है. इस मौके पर पीएम मोदी ने बापू के सिद्धांतों को याद करते हुए उन्हें आत्मनिर्भर भारत की प्रेरणा बताया. देशभर में आज शहीद दिवस के रूप में विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है.

Mahatma Gandhi 78th Death Anniversary

Mahatma Gandhi 78th Death Anniversary: आज पूरा देश राष्ट्रपिता महात्मा गांधी को उनकी 78वीं पुण्यतिथि पर याद कर रहा है. शुक्रवार सुबह दिल्ली के राजघाट पर एक अलग ही गरिमापूर्ण माहौल देखने को मिला, जब राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बापू की समाधि पर जाकर उन्हें पुष्प अर्पित किए.

इस मौके पर राजनीति के कई बड़े चेहरे भी बापू को नमन करने पहुंचे. प्रधानमंत्री के साथ रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ और मनोहर लाल जैसे दिग्गज नेताओं ने भी राजघाट पर मौन रखकर बापू के महान संघर्षों और उनके सिद्धांतों को याद किया.

बापू का ‘स्वदेशी’ मंत्र

इतना ही नहीं पीएम मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X के जरिए देशवासियों से अपने दिल की बात साझा की. उन्होंने कहा कि बापू का ‘स्वदेशी’ पर जो जोर था, वही आज के ‘आत्मनिर्भर भारत’ के संकल्प की असली नींव है. प्रधानमंत्री ने लिखा- “राष्ट्रपिता महात्मा गांधी को उनकी पुण्यतिथि पर मेरा शत-शत नमन. पूज्य बापू का हमेशा स्वदेशी पर बल रहा, जो विकसित और आत्मनिर्भर भारत के हमारे संकल्प का भी आधारस्तंभ है. उनका व्यक्तित्व और कृतित्व देशवासियों को कर्तव्य पथ पर चलने के लिए सदैव प्रेरित करता रहेगा.”

ये भी पढ़ें- ‘रिफॉर्म, परफॉर्म और ट्रांसफॉर्म…’, budget 2026 से पहले पीएम मोदी ने देश को दिया ये मजबूत संदेश

बिना हथियार के दुनिया बदलने का हुनर

एक अन्य भावुक पोस्ट में पीएम ने एक वीडियो साझा करते हुए अहिंसा की अहमियत बताई. उन्होंने लिखा- “पूज्य बापू ने मानवता की रक्षा के लिए हमेशा अहिंसा पर बल दिया. इसमें वह शक्ति है, जो बिना हथियार के दुनिया को बदल सकती है.”

पीएम ने अपने ट्वीट में आगे एक संस्कृत श्लोक भी लिखा- अहिंसा परमो धर्मस्तथाऽहिंसा परन्तपः. अहिंसा परमं सत्यं यतो धर्मः प्रवर्तते॥

देशभर में कार्यक्रमों की धूम

आज के दिन सिर्फ राजघाट ही नहीं, बल्कि देश के कोने-कोने में बापू को याद किया जा रहा है. स्कूल-कॉलेजों से लेकर सरकारी दफ्तरों तक में विशेष सभाएं और सर्वधर्म प्रार्थनाएं आयोजित की जा रही हैं. लोग आज के दिन को ‘शहीद दिवस’ के रूप में मनाते हुए उन सभी स्वतंत्रता सेनानियों को भी याद कर रहे हैं जिन्होंने देश की आजादी के लिए अपने प्राण न्यौछावर कर दिए.

Also Follow Bharat Express on Youtube

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read